कंफर्म: OnePlus 6T में मिलेगा इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर

टेक डेस्क, अमर उजाला
Tue, 11 Sep 2018 12:45 PM IST
OnePlus confirms Oneplus 6T to Have In-Display Fingerprint Scanner
OnePlus 6T

    OnePlus 6T की तमाम लीक्स सामने आने के बाद कंपनी ने ही पुष्टि कर दी है कि वनप्लस 6टी में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर मिलेगा, हालांकि वनप्लस इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर को स्क्रीन अनलॉक के नाम से प्रसारित करेगा। इन-डिस्प्ले के अलावा वनप्लस 6टी में फेस अनलॉक फीचर भी मिलेगा। वनप्लस ने इसकी जानकारी CNET को दिए एक इंटरव्यू में दी है।

    इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ वनप्लस 6टी, वीवो वी11, वीवो एक्स20 प्लस यूडी, वीवो एक्स21 और वीवो नेक्स के साथ खड़ा होगा। अभी तक लीक रिपोर्ट के मुताबिक वनप्लस 6टी की लांचिंग अक्टूबर के अंत तक हो सकती है और इसकी शुरुआती कीमत $550 यानि करीब 39,500 रुपये होगी। खबर यह भी है कि वनप्लस 6टी में हुवावे पी20 प्रो की तरह ट्रिपल रियर कैमरा मिलेगा।

    बता दें कि अभी जुलाई में ही एक रिपोर्ट आई थी जिसके मुताबिक वनप्लस ने भारतीय प्रीमियम मोबाइल बाजार में एप्पल जैसी दिग्गज कंपनी को पीछे छोड़ दिया है। साल 2018 की पहली तिमाही में 30,000 रुपये तक के स्मार्टफोन बाजार में वनप्लस ने बाजी मारी है, इस मामले में सैमसंग दूसरे और एप्पल तीसरे नंबर पर हैं। ये आंकड़े रिसर्च कंपनी काउंटरप्वाइंट की रिपोर्ट से सामने आए हैं।

    गौरतलब है कि इसी साल मई में वनप्लस ने भारत में वनप्लस 6 लांच किया है। फोन के फीचर्स की बात करें तो इसमें 6.28 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 19:9 है। डिस्प्ले पर कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 5 का प्रोटेक्शन दिया गया है। फोन में एंड्रॉयड ओरियो 8.1 मिलेगा, हालांकि कुछ दिनों बाद यूजर्स को एंड्रॉयड पी का बीटा वर्जन मिल जाएगा। OnePlus 6 को पूरी तरह से वाटरप्रूफ है। इसके अलावा फोन में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर है और रियर पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर है।

    फोन में 3300mAh की बैटरी है जिसे लेकर कंपनी का दावा है कि आधे घंटे की चार्जिंग में यह फोन दिनभर का बैकअप देगा। फोन में हेडफोन जैक भी दिया गया है। OnePlus 6 के कैमरे की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा है जिसमें एक कैमरा 16 मेगापिक्सल का और दूसरा 20 मेगापिक्सल का है।

    वहीं फ्रंट कैमरा 16 मेगापिक्सल का है। रियर कैमरे से 4के वीडियो शूट किया जा सकेगा। फोन में कनेक्टिविटी के लिए 4जी वीओएलटीई, वाई-फाई 802.11एसी, ब्लूटूथ 5.0, यूएसबी टाइप-सी पोर्ट और 3.5 हेडफोन जैक दिया गया है।

    और पढ़ें...