OnePlus Buds हुआ लॉन्च, 10 मिनट की चार्जिंग में 10 घंटे का बैकअप

वनप्लस ने भारत में दो नए प्रोडक्ट पेश किए हैं जिनमें OnePlus Nord और OnePlus Buds शामिल हैं। वनप्लस नॉर्ड की शुरुआती कीमत जहां 24,999 रुपये है, वहीं OnePlus Buds की कीमत 4,990 रुपये है। वनप्लस बड्स कंपनी का पहला ट्रू वायरलेस ईयरफोन है। OnePlus Buds दो कलर वेरियंट व्हाइट, ग्रे और ब्लू में मिलेगा, हालांकि इसकी उपलब्धता के बारे में कंपनी ने कोई जानकारी नहीं दी है।
OnePlus Buds की स्पेसिफिकेशन
वनप्लस के इस बड्स की डिजाइन आउटर ईयर है यानी आधा बड्स कान के अंदर और आधा बाहर होगा। काफी हद तक यह बड्स एपल के एयरपॉड्स जैसा ही है लेकिन कीमत के मामले में काफी कम है। बड्स के साथ मिलने वाले चार्जिंग केस में यूएसबी टाइप-सी पोर्ट दिया गया है। :
ये भी पढ़ें: OnePlus Nord भारत में हुआ लॉन्च, कीमत 24,999 रुपये
चार्जिंग केस में रैप (Warp) फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है। प्रत्येक बड्स का वजन 4.6 ग्राम है, वहीं चार्जिंग केस का वजन 36 ग्राम है। OnePlus Buds में 13.4mm का डायनेमिक ड्राइवर दिया गया है जिसके साथ न्वाइज कैंसिलेशन भी है।
कंपनी ने चार्जिंग केस की बैटरी को लेकर कहा है कि महज 10 मिनट की चार्जिंग में आपको 10 घंटे तक का बैकअप मिल जाएगा। वहीं फुल चार्जिंग के बाद 30 घंटे तक के बैकअप का दावा है। म्यूजिक प्ले-बैक का समय सात घंटे का है।
बड्स में टच कंट्रोल दिया गया है जिसकी मदद से म्यूजिक प्लेबैक, कॉल्स और वॉइस असिस्टेंट का इस्तेमाल किया जा सकता है। यदि आप इस बड्स को वनप्लस के फोन के साथ इस्तेमाल करते हैं तो आपको लो लैटेसी ऑडियो मोड मिलेगा जो कि गेमिंग के दौरान काम करेगा।