OnePlus Buds Pro 2 जल्द होगा भारत में लॉन्च, मिलेगा गूगल का यह खास फीचर
अपने ऑडियो फीचर को लेकर Google का दावा है कि बेस्ट ऑडियो एक्सपेरियंस मिलेगा। यूजर के सिर की मूवमेंट के हिसाब से ऑडियो क्वॉलिटी भी बदलेगी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह फीचर पहले से ही एपल AirPods, AirPods Pro और AirPods Max में है।

विस्तार
वनप्लस का नया ईयरबड्स लॉन्चिंग के लिए तैयार है। OnePlus Buds Pro 2 को जल्द ही भारत समेत ग्लोबली पेश किया जाएगा। कहा जा रहा है कि OnePlus Buds Pro 2 पहला वायरलेस ईयरफोन होगा जिसमें गूगल स्पेशियल ऑडियो टेक्नोलॉजी (Google's Spatial Audio technology) का सपोर्ट मिलेगा जिसे एंड्रॉयड 13 के लिए तैयार किया गया है। OnePlus Buds Pro 2 के साथ एंड्रॉयड फास्ट पेयर फीचर भी मिलेगा। OnePlus Buds Pro 2 को सात फरवरी को OnePlus Cloud 11 इवेंट में लॉन्च किया जाएगा। इस इवेंट में OnePlus 11 की भी लॉन्चिंग होने वाली है।
अपने ऑडियो फीचर को लेकर Google का दावा है कि बेस्ट ऑडियो एक्सपेरियंस मिलेगा। यूजर के सिर की मूवमेंट के हिसाब से ऑडियो क्वॉलिटी भी बदलेगी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह फीचर पहले से ही एपल AirPods, AirPods Pro और AirPods Max में है। OnePlus Buds Pro 2 में इंटरनल मेजरमेंट यूनिट (IMU) सेंसर है जो कि थर्ड पार्टी एप को भी सपोर्ट करेगा।
आपको याद दिला दें कि OnePlus Buds Pro 2 को चार जनवरी 2023 को ही चीन में लॉन्च किया गया है। इसमें 11mm का वूफर है और 6mm का ट्वीटर मेलोडीबूस्ट डुअल ड्राइवर है जिसे Dynaudio की साझेदारी में तैयार किया गया है।
OnePlus Buds Pro 2 के साथ Bold, Serenade और Bass तीन इक्विलाइजर भी मिलेंगे। जहां तक बैटरी का सवाल है तो इसकी बैटरी को लेकर 39 घंटे के बैकअप का दावा किया गया है। बड्स में 520mAh की बैटरी है और इसके साथ वायरलेस चार्जिंग का भी सपोर्ट है।
कनेक्टिविटी के लिए बड्स में ब्लूटूथ 5.3 दिया गया है और LHDC, AAC, SBC और LC3 ऑडियो कोडेक का भी सपोर्ट है। इसमें ऑटोमैटिक न्वाइज कैंसिलेशन भी है जिसे लेकर 48dB तक न्वाइज रिडक्शन का दावा किया गया है। इसके माइक्रोफोन के साथ AI का भी सपोर्ट है। वॉटर और डस्टप्रूफ के लिए इसे IP55 की रेटिंग मिली है।