वनप्लस 7 होगा दुनिया का पहला 5G स्मार्टफोन, सबसे पहले यहां होगा लॉन्च

वनप्लस ने हाल ही में अपना नया फ्लैगशिप वनप्लस 6 लॉन्च किया है। इस फोन को लोग काफी पसंद भी कर रहे हैं और इसी बीच खबर है कि वनप्लस अपने नए स्मार्टफोन को तैयार करने में जुट गई है। कहा जा रहा है कि वनप्लस का अगला फ्लैगशिप वनप्लस 7 होगा जो कि 5जी नेटवर्क सपोर्ट से लैस होगा और अगर वास्तव में ऐसा हुआ तो वनप्लस 6 दुनिया का पहला 5जी सपोर्ट वाला स्मार्टफोन होगा। हालांकि नोकिया और चिपसेट निर्माता क्वॉलकॉम भी 5जी स्मार्टफोन पर काम कर रही हैं।
फोनएरेना की रिपोर्ट के मुताबिक वनप्लस के सीईओ पीट लाउ ने संघाई में हुए मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में कहा कि वे एक ऐसे फोन पर काम कर हैं जो 5जी सपोर्ट वाला होगा और वह फोन अगले साल सबसे पहले अमेरिका में लॉन्च होगा। हालांकि लाउ ने फोन के नाम का खुलासा नहीं किया कि फोन का नाम वनप्लस 7 होगा या कुछ और।
बता दें कि अमेरिका में नेटवर्क प्रोवाइडर कंपनियों के साथ स्मार्टफोन निर्मता कंपनियां साझेदारी करती हैं और उसी कंपनी के सिम के साथ फोन बाजार में उपलब्ध होता है। अगर ऐसा हुआ तो इस तरह वनप्लस 7 अमेरिका में बिकने वाला पहला फोन होगा। वहीं कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वनप्लस 7 में पॉप स्टाइल कैमरा मिलेगा और इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर मिलेगा।