OnePlus 6T हुआ लांच, इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट के साथ मिलेगी 3700mAh की बैटरी

टेक डेस्क, अमर उजाला
Mon, 29 Oct 2018 10:55 PM IST
OnePlus 6T launched with dual rear camera, Know price and specifications
OnePlus 6T

    वनप्लस ने तमाम लीक्स के बाद आखिरकार सोमवार को न्यूयॉर्क में आयोजित एक इवेंट में अपना नया फ्लैगशिप वनप्लस 6टी लांच कर दिया है। वनप्लस 6टी की खासियतों की बात करें तो इसमें इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ बड़ी डिस्प्ले दी गई है। फोन के साथ आउट ऑफ बॉक्स एंड्रॉयड पाई 9.0 मिलेगा। साथ ही वनप्लस 6टी की डिस्प्ले पर कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 6 का प्रोटेक्शन दिया गया है। फोन के फेस अनलॉक को लेकर कंपनी का दावा है कि 0.34 सेकेंड में फोन का अनलॉक हो जाएगा। दुःख की बात यह है कि वनप्लस 6टी में हेडफोन जैक नहीं मिलेगा।

    वनप्लस 6टी की स्पेसिफिकेशन

    OnePlus 6T में डुअल सिम सपोर्ट, एंड्रॉयड पाई 9.0 और 6.41 इंच की फुल एचडी सुपर एमोलेड डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2340 पिक्सल और आस्पेक्ट रेशियो 19.5:9 है। फोन की डिस्प्ले में वाटर ड्रॉप नॉच मिलेगी। इसके अलावा वनप्लस 6टी में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर, 6 व 8 जीबी रैम और 128 व 256 जीबी की स्टोरेज मिलेगी जिसे मेमोरी कार्ड के जरिए बढ़ाया नहीं जा सकेगा।

    वनप्लस 6टी का कैमरा

    फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा है जिसमें एक लेंस 16 मेगापिक्सल का सोनी IMX519 सेंसर है जिसका अपर्चर f/1.7 है, वहीं दूसरा लेंस 20 मेगापिक्सल का सोनी IMX376K सेंसर वाला है जिसका अपर्चर f/1.7 है। वनप्लस 6टी में फ्रंट कैमरा 16 मेगापिक्सल का सोनी IMX371 सेंसर वाला है। रियर कैमरे से 4के और 1080 पिक्सल पर स्लो मोशन वीडियो रिकॉर्ड किया जा सकता है। कैमरे के साथ इमेज स्टेबलाइजेशन भी मिलेगा।

    OnePlus 6T के 6 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट की अमेरिका में कीमत 549 डॉलर यानि करीब 40,300 रुपये, 8 जीबी+128 जीबी मिरर ब्लैक और मिडनाइट ब्लैक वेरियंट की कीमत 579 डॉलर यानि करीब 42,500 रुपये और 8 जीबी रैम +256 जीबी स्टोरेज वाला वेरियंट 629 डॉलर यानि करीब 46,200 रुपये में बेचा जाएगा। हालांकि कंपनी ने वनप्लस 6टी की भारत में कीमत का खुलासा नहीं किया है। भारत में यह फोन मंगलवार को लांच होगा और इसकी बिक्री अमेजन से होगी।

    और पढ़ें...