8GB रैम के साथ चीन में लॉन्च हुआ नूबिया जेड17

चाइनीज कंपनी जेडटीई के ब्रांड नूबिया ने चीन में अपना नया फोन नूबिया जेड17 को लॉन्च कर दिया है। इस फोन की खासियत इसमें दिया गया 8 जीबी रैम, क्विक चार्जिंग 4+ टेक्नोलॉजी और क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 835 प्रोसेसर है। फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप भी दिया गया है।
Nubia Z17 की स्पेसिफिकेशन और कीमत

सबसे पहले बता दें कि यह फोन 6 जीबी रैम/64 जीबी स्टोरेज, 6 जीबी रैम/128 जीबी स्टोरेज और 8 जीबी रैम/128 जीबी स्टोरेज के वेरियंट में मिलेगा। इसके अलावा फोन के कलर वेरियंट की बात करें तो यह अरोरा ब्लू, ब्लैक गोल्ड, ऑब्सिडियन ब्लैक, सोलर गोल्ड और फ्लेम रेड में उपलब्ध होगा।
नूबिया जेड17 में डुअल रियर कैमरे हैं। पहला कैमरा 32 मेगापिक्सल का और दूसरा 13 मेगापिक्सल का है। वहीं फ्रंट कैमरा 16 मेगापिक्सल का है। रियरे कैमरे में 2एक्स ऑप्टिकल जूम और 10एक्स डायनामिक जूम जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
फोन में क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 835 प्रोसेसर, एंड्रॉयड 7.1.1 नूगट, 5.5 इंच फुल एचडी डिस्प्ले, ग्राफिक्स के लिए एड्रेनो 540 जीपीयू और 3200 एमएएच की बैटरी है जो क्विक चार्ज 4+ को सपोर्ट करती है। बता दें कि क्विक चार्ज 4+ को सपोर्ट करने वाला यह पहला फोन है। इसके अलावा फोन में नियोपावर 3.0 फीचर है जो बैकग्राउंड में चल रहे ऐप को बंद कर देता है।
कीमत की बात करें तो 6 जीबी रैम/64 जीबी स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत 2,799 चीनी युआन यानी करीब 26,400 रुपये, 6 जीबी रैम/128 जीबी स्टोरेज वाले की कीमत 3,399 चीनी युआन यानी करीब 32,100 रुपये और 8 जीबी रैम/128 जीबी स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 3,999 चीनी युआन यानी करीब 37,700 रुपये है।