जून तक भारत में लॉन्च होंगे नोकिया के 3310 सहित ये 3 स्मार्टफोन

इस साल की शुरुआत में स्मार्टफोन की दुनिया में वापस कदम रखने वाली नोकिया एक बार फिर चर्चा में है। नोकिया ने मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में अपने तीन नए स्मार्टफोन नोकिया 3, नोकिया 5 और नोकिया 6 को पेश किया था। कंपनी ने इन स्मार्टफोन के साथ अपने चर्चित फोन नोकिया 3310 का अपग्रेडेड वर्जन भी लॉन्च किया।
लॉन्चिंग के कुछ दिनों बाद से ही नोकिया के स्मार्टफोन की भारत में लॉन्चिंग की खबरें आने लगी थी। अब जानकारी मिली है कि नोकिया अपने इन स्मार्टफोन भारत में जून में लॉन्च करेगी। बता दें नोकिया 6 चीन में पहले से ही बिक्री के लिए उपलब्ध है। फोन की लॉन्चिंग की खबर नोकिया के फोन बनाने वाली एचएमडी ग्लोबल की ओर से दी गई है।
हालांकि कंपनी ने ये साफ नहीं किया है कि जून में नोकिया के तीनों स्मार्टफोन और फीचर फोन 3310 एक साथ लॉन्च होंगे या केवल नोकिया 3310। बता दें कि नोकिया 3310 की लॉन्चिंग के खबरें लंबे समय से आ रही हैं। कई वेबसाइटों पर इस फोन को प्रोडक्ड लिस्ट में शामिल भी कर लिया गया है। इस फीचर फोन की कीमत 4,000 रुपये के आसपास होने की संभावनाएं हैं।
वहीं नोकिया 3 की कीमत 12,500 रुपये, नोकिया 6 की कीमत 19,000 रुपये और नोकिया 5 की कीमत 16,000 रुपये होने की उम्मीद है। ये कीमते अनुमानित तौर पर ही हैं, कंपनी ने स्मार्टफोन की कीमत और लॉन्चिंग की तारीख का ऐलान नहीं किया है।