भारत में इस दिन लॉन्च हो सकता है Nokia 8, एक साथ काम करते हैं तीनों कैमरे

नोकिया 3, नोकिया 5 और नोकिया 6 के बाद HMD ग्लोबल भारत में अपना पहला फ्लैगशिप स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी में है। रिपोर्ट के मुताबिक एचएमडी ग्लोबल 26 सितंबर को भारत में नोकिया 8 को लॉन्च कर सकती है। बता दें कि नोकिया 8 में कुछ ऐसे फीचर्स हैं जो किसी दूसरे फोन में नहीं हैं।
91 mobiles की रिपोर्ट की मानें तो 26 सितंबर को दिल्ली में HMD ग्लोबल एक इवेंट का आयोजन कर रहा है जिसमें नोकिया 8 लॉन्च होगा। वहीं रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से फोन की बिक्री ऑनलाइन और ऑफलाइन शुरू हो जाएगी।
नोकिया 8 की स्पेसिफिकेशन

नोकिया 8 के स्पेसिफिकेशन की बात करें तो इसमें 5.3 इंच का 2K LCD डिस्प्ले, साथ में गोरिल्ला ग्लास 5 प्रोटेक्शन, USB 3.1 टाइप-सी, फोन में 3.5mm का हेडफोन जैक, एंड्रॉयड 7.1.1 नूगट, एडवांस्ड एल्यूमिनियम और स्पलैश प्रूफ बॉडी (सेमी वाटरप्रूफ), क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 835 प्रोसेसर, 4GB रैम, 64GB स्टोरेज, स्टोरेज को 256 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। इसके अलावा फोन में 4जी सपोर्ट के साथ हाइब्रिड डुअल सिम स्लॉट, 3090mAh की बैटरी है।
नोकिया 8 के तीनों कैमरे एक साथ किए जा सकते हैं इस्तेमाल

फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा सेटअप है जिसमें f/2.0 अपर्चर वाला 13 मेगापिक्सल का डुअल सेंसर है। वहीं फ्रंट कैमरा भी 13 मेगापिक्सल का है। कैमरे में एक खास फीचर बोथीज (bothies) दिया गया है जिसका फायदा यह है कि एक साथ दो रियर और एक फ्रंट कैमरे को यूज किया जा सकता है। कैमरे 4के वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं।
यानी एक ही फोटो को क्लिक करने के लिए तीनों कैमरे का इस्तेमाल हो सकता है। इसके अलावा कंपनी ने फोन में Ozo Audio रिकॉर्डिंग फीचर दिया है। यानी आपको 3डी ऑडियो (360 डिग्री) का आनंद मिलेगा। कंपनी के दावे के मुताबिक नोकिया 8 Ozo Audio फीचर वाला दुनिया का पहला स्मार्टफोन है।