Nokia 2.2 एंड्रॉयड फोन भारत में हुआ लॉन्च, शुरुआती कीमत 6,999 रुपये

HMD ग्लोबल ने भारत में नोकिया ब्रांड के तहत नोकिया 2.2 स्मार्टफोन को लॉन्च कर दिया है। नोकिया 2.2 की लॉन्चिंग नई दिल्ली में आयोजित एक इवेंट में हुई। Nokia 2.2 स्मार्टफोन को एंड्रॉयड वन प्रोजेक्ट के तहत लॉन्च किया गया है। बता दें कि नोकिया 2.1 एंड्रॉयड गो स्मार्टफोन था। कंपनी ने दावा किया है कि इस फोन को एंड्रॉयड क्यू का अपडेट मिलेगा। ऐसे में इस प्राइस रेंज में एंड्रॉयड क्यू वाला यह पहला फोन होगा। कंपनी ने इसमें गूगल असिस्टेंट के लिए अलग से एक बटन दिया है जिसे थोड़ी देर दबाकर रखने पर गूगल असिस्टेंट काम करने लगेगा। इसके अलावा इसके कैमरे के साथ गूगल लेंस का सपोर्ट मिलेगा।
Nokia 2.2 की कीमत और लॉन्चिंग ऑफर्स
नोकिया 2.2 की शुरुआती कीमत 7,699 रुपये है यानि इस कीमत में आपको 2 जीबी रैम के साथ 16 जीबी स्टोरेज वाला वेरियंट मिलेगा। वहीं 3 जीबी रैम और 32 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 8,699 रुपये है, हालांकि लिमिटेड पीरियड ऑफर के तहत 2 जीबी रैम वाला वेरियंट 6,999 रुपये और 3 जीबी रैम वाला वेरियंट 7,699 रुपये में खरीदा जा सकेगा। फोन की बिक्री 11 जून से फ्लिपकार्ट, नोकिया के ऑनलाइन स्टोर और मोबाइल रिटेल आउटलेट से होगी, वहीं इसकी प्री-बुकिंग शुरू हो गई है। लॉन्चिंग ऑफर के तहत ग्राहकों को जियो की ओर से 2,200 रुपये का कैशबैक और 100 जीबी अतिरिक्त डाटा मिलेगा।
Nokia 2.2 की स्पेसिफिकेशन
इस फोन में डुअल सिम सपोर्ट के साथ एंड्रॉयड पाई 9.0 मिलेगा। इसके अलावा इसमें 5.71 इंच की एचडी प्लस डिस्प्ले है। डिस्प्ले में वाटरड्रॉप नॉच मिलेगा। इस फोन में मीडियाटेक का क्वॉडकोर हीलियो ए22 प्रोसेसर मिलेगा। इसमें 3 जीबी तक रैम और 32 जीबी तक की स्टोरेज मिलेगी। कैमरे की बात करें तो इसमें 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। रियर कैमरे के साथ फ्लैश लाइट मिलेगी। कैमरे के साथ एआई का भी सपोर्ट मिलेगा। इस फोन में 3000mAh की बैटरी मिलेगी। कनेक्टिविटी के लिए नोकिया 2.2 में 4G LTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ 4.2, माइक्रो यूएसबी पोर्ट और 3.5एमएम का हेडफोन जैक मिलेगा। फोन का वजन 153 ग्राम है।