क्या सच में इस कैब ड्राइवर ने 120 दिनों में 250 यात्रियों को मौत के घाट उतारा?

इन दिनों सोशल मीडिया पर एक खबर वायरल हो रही है, जिसमें मेरठ के एक टैक्सी चालक ने यह स्वीकार किया है कि उसने बीते 120 दिनों में 250 यात्रियों का कत्ल किया है। कई वेबसाइटों के मुताबिक टैक्सी ड्राइवर का नाम मोहम्मद सलीम है और वो बीते चार महीने से रोजाना दो से ज्यादा लोगों का कत्ल कर रहा था। खबरों में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के हवाले से लिखा है कि सलीम कार में बैठी सवारी की हत्या कर उनके सामान को लूटता था और बाद में उनके शव को फेंक दिया करता था।

जब इस खबर की पड़ताल की गई तो पता चला कि यह 12 साल पुरानी खबर है जिसे अब तोड़-मरोड़ कर दोबारा कई वेबसाइट्स ने पब्लिश किया है और इसके आधार पर लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें लिख रहे हैं। सोशल मीडिया पर फलाए जा रहे इन वेबसाइट लिंक्स की सच्चाई जानने के लिए जब उत्तर प्रदेश की मेरठ पुलिस से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि ऐसा कोई मामला हाल के दिनों में सामने नहीं आया है। साल 2007 में एक मामला सामने आया था जिसमें एक टैक्सी गैंग पर दो सौ से ज्यादा लोगों की हत्या करने का आरोप लगा था।

इंटरनेट रिवर्स सर्च से पता चला कि मार्च 2007 में यूपी पुलिस ने 250 से ज्यादा लोगों का मर्डर करने वाले एक कथित टैक्सी गैंग को गिरफ्तार किया था। इससे संबंधित कुछ मीडिया रिपोर्ट्स भी इंटरनेट पर उपलब्ध हैं। इस घटना से जुड़ी जो रिपोर्ट 30 मार्च 2007 को एक हिन्दी न्यूज वेबसाईट ने पब्लिश की थी, उसी रिपोर्ट को अब सोशल मीडिया पर कई वेबसाइट्स ने इस्तेमाल किया है, लेकिन घटना की तारीख, जगह और कुछ बुनियादी तथ्य बदल दिए गए हैं