Moto G7 भारत में हुआ लॉन्च, 15 मिनट की चार्जिंग में 9 घंटे चलेगा फोन

लेनोवो की स्वामित्व वाली कंपनी मोटोरोला इंडिया ने भारत में अपना नया स्मार्टफोन मोटो जी7 (Moto G7) लॉन्च किया है। मोटो जी7 की बिक्री भी भारत में लॉन्चिंग के साथ ही मोटो हब, फ्लिपकार्ट और दुकानों से शुरू हो गई है। Moto G7 पिछले साल लॉन्च हुए Moto G6 का अपग्रेडेड वर्जन है। वहीं जी7 सीरीज के तहत कंपनी जल्द ही मोटो जी7 प्लस, जी7 पावर और मोटो जी7 प्ले लॉन्च करेगी।
Moto G7 की स्पेसिफिकेशन
Moto G7 में 6.2 इंच की मैक्स विजन फुल एचडी प्लस डिस्प्ले है। डिस्प्ले के साथ आपको वाटरड्रॉप नॉच भी मिलेगा। मोटो जी7 में आपको क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 632 प्रोसेसर मिलेगा और इस फोन में आउट ऑफ बॉक्स एंड्रॉयड 9.0 पाई मिलेगा। यह फोन 4 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज वेरियंट में मिलेगा।
मोटो जी7 का कैमरा
मोटोरोला ने इस फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया है जिसमें एक कैमरा 12 मेगापिक्सल का और दूसरा 5 मेगापिक्सल का है। वहीं इस फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। दोनों कैमरे के साथ पोट्रेट मोड मिलेगा। रियर कैमरे के साथ एलईडी फ्लैश लाइट मिलेगी, जबकि फ्रंट कैमरे के साथ स्क्रीन लाइट मिलेगी।
मोटो जी7 की बैटरी और कनेक्टिविटी
इस फोन में 3000 mAh की बैटरी मिलेगी जो टर्बो फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। फोन के साथ 15 वाट का फास्ट चार्जर भी मिलेगा। कंपनी का दावा है कि 15 मिनट की चार्जिंग में इस फोन की बैटरी 9 घंटे तक का बैकअप देगी। कनेक्टिविटी के लिए इसमें 4जी वीओएलटीई, ब्लूटूथ 4.2, वाई-फाई, डुअल सिम सपोर्ट मिलेगा। इस फोन की कीमत 16,999 रुपये है।

इस फोन के अलावा कंपनी ने मोटो वन भी पेश किया है जिसमें क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 625 प्रोसेसर, डुअल रियर कैमरा और 5.9 इंच की डिस्प्ले है। इस फोन में 4 जीबी रैम के साथ 64 जीबी की स्टोरेज मिलेगी। इस फोन में भी फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलेगा। इस फोन की कीमत 13,999 रुपये है। दोनों फोन के साथ जियो की ओर से 2,200 रुपये का कैशबैक और एक्सट्रा डाटा मिलेगा।