मोटो जी6 प्लस vs शाओमी पोको एफ1: कौन एक-दूसरे को कहां देते हैं टक्कर

लेनेवो के स्वामित्व वाले मोटोरोला ने सोमवार को भारत में नए स्मार्टफोन मोटो जी6 प्लस को लांच किया है। वैसे तो मोटो जी6 प्लस अंतरराष्ट्रीय बाजार में 4 जीबी रैम के साथ पेश किया गया था लेकिन भारत में इसे 6 जीबी रैम के साथ लांच किया है। कीमत के मामले में मोटो जी6 प्लस का मुकाबला शाओमी के पोको एफ1 से होगा। मोटो जी6 प्लस की कीमत 22,499 रुपये है और इसकी बिक्री ऑफलाइन तथा ऑनलाइन स्टोर से शुरू हो गई है।
मोटो जी6 प्लस की कीमत और स्पेसिफिकेशन
मोटो जी6 प्लस के फीचर्स की बात करें तो इसमें 5.93 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 18:9 और रिजॉल्यूशन 1080x2160 पिक्सल है। इसके अलावा फोन में स्टॉक एंड्रॉयड ओरियो 8.0 मिलेगा, हालांकि कंपनी ने कहा है कि इस फोन को एंड्रॉयड पाई 9.0 का भी अपडेट मिलेगा। मोटो जी6 में डुअल सिम सपोर्ट, 2.2GHz ऑक्टाकोर स्नैपड्रैगन 630 प्रोसेसर, ग्राफिक्स के लिए 508 जीपीयू, 6 जीबी रैम और 64 जीबी की स्टोरेज मिलेगी जिसे 128 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा।
मोटो जी6 प्लस के कैमरे की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा है जिसमें एक लेंस 12 मेगापिक्सल का है जिसका अपर्चर f/1.7 है, वहीं दूसरा लेंस 5 मेगापिक्सल का है। वहीं फ्रंट कैमरा 8 मेगापिक्सल का दिया गया है। रियर व फ्रंट दोनों कैमरे के साथ डुअल टोन फ्लैश लाइट मिलेगी। कनेक्टिविटी की बात करें तो इसमें 4G LTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ 5.0, यूएसबी टाइप सी, एनएफसी, 3200 एमएएच की बैटरी और 3.5 एमएम का हेडफोन जैक मिलेगा। बैटरी मोटोरोला के टर्बो चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि 15 मिनट की चार्जिंग में बैटरी 7 घंटे तक का बैकअप देगी। मोटो जी6 प्लस की भारत में कीमत 22,499 रुपये है
शाओमी पोको एफ1 की स्पेसिफिकेशन
शाओमी पोको एफ1 की स्पेसिफिकेशन की बात करें तो इसमें 6.18 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले मिलेगी जिसका आस्पेक्ट रेशियो 18.7:9 होगा। इसके अलावा फोन में डुअल सिम सपोर्ट, एंड्रॉयड ओरियो 8.1, स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर, ग्राफिक्स के लिए एड्रेनो 630 जीपीयू, 6/8 जीबी रैम और 64/128 जीबी की स्टोरेज मिलेगी। इसके अलावा फोन में लिक्विड कूल कूलिंग सिस्टम और फिंगरप्रिंट सेंसर मिलेगा।

फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा सेटअप होगा जिसमें एक लेंस 12MP का और दूसरा 5MP का होगा। कैमरे के साथ एआई और फेस अनलॉक का सपोर्ट मिलेगा। वहीं फ्रंट कैमरा 20 मेगापिक्सल का एआई सपोर्ट वाला होगा। रियर कैमरे से 4K वीडियो रिकॉर्ड किया जा सकता है। वहीं फ्रंट कैमरे के साथ पोट्रेट मोड, ब्लूटिफाई मोड और अन्य फीचर्स मिलेंगे। कनेक्टिविटी की बात करें तो फोन में डुअल सिम सपोर्ट, 4G VoLTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ 5.0, जीपीएस, 3.5 एमएम का हेडफोन जैक और यूएसबी टाइप-सी मिलेगी। फोन में 4000mAh की बैटरी मिलेगी और क्वॉलकॉम का क्विक चार्ज 3.0 फास्ट चार्जिंग का भी सपोर्ट मिलेगी। शाओमी पोको एफ1 के 6gb/64gb वेरियंट की कीमत 20,999 रुपये और 6GB / 128GB वेरियंट की कीमत 23,999 रुपये और 8GB / 256GB मॉडल की कीमत 28,999 रुपये है।
तो कौन किस मामले में है आगे
ग्लास बॉडी और डिजाइन के मामले में मोटो जी6 प्लस तो आगे निकलता हुआ नजर आ रहा है, लेकिन स्पेसिफिकेशन और प्रोसेसर के मामले में शाओमी पोको एफ1 बाजी मार रहा है। पोको एफ1 में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर दिया गया है, जबकि मोटो जी6 प्लस में स्नैपड्रैगन 630 प्रोसेसर और ग्राफिक्स के लिए 508 जीपीयू है। पोको एफ1 में कूलिंग सिस्टम भी है। पोको एफ1 को मजबूत ग्राफिक्स के साथ गेमिंग के शौकीनों के लिए पेश किया गया है। पोको एफ1 में 4000mAh की बैटरी है लेकिन फास्ट चार्जिंग की कमी खलेगी। इसमें फास्ट चार्जिंग नहीं है, जबकि मोटो जी6 प्लस में टर्बो फास्ट चार्जिंग दी गई है। पोको एफ1 6 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट में भी मिलेगा, जबकि मोटो जी6 प्लस सिर्फ 6 जीबी रैम के साथ 64 जीबी स्टोरेज वेरियंट में मिल रहा है। कीमत के मामले में भी पोको एफ1 आगे निकल रहा है।