Moto G6 Plus भारत में हुआ लांच, 15 मिनट की चार्जिंग में बैटरी चलेगी 7 घंटे

टेक डेस्क, अमर उजाला
Mon, 10 Sep 2018 01:04 PM IST
Moto G6 Plus Launched in India With 6GB RAM, Dual Rear Cameras, know price and features
Moto G6 Plus

    लेनोवो के स्वामित्व वाले मोटोरोला ने भारत में अपना नया स्मार्टफोन मोटो जी6 प्लस लांच कर दिया है। इससे पहले मोटोरोला ने मोटो जी6 और मोटो जी6 प्ले लांच किए थे। मोटो जी6 प्लस में बड़ी डिस्प्ले के साथ 6 जीबी तक रैम मिलेगी। बता दें कि कंपनी ने मोटो जी6 प्लस का 6 जीबी रैम वाला वेरियंट सिर्फ भारत में पेश किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में मोटो जी6 प्लस का सिर्फ 4 जीबी रैम वाला वेरियंट ही मौजूद है।

    मोटो जी6 प्लस की कीमत और लांचिंग ऑफर्स

    मोटो जी6 प्लस की भारत में कीमत 22,499 रुपये है और इसकी बिक्री अमेजॉन इंडिया, मोटो हब और मोटोरोला के ऑफलाइन स्टोर्स से शुरू हो गई है। मोटो जी6 प्लस इंडिगो ब्लैक कलर वेरियंट में मिलेगा। मोटो जी6 प्लस के साथ मिलने वाले ऑफर्स की बात करें तो पेटीएम मॉल से फोन को खरीदने पर 3,000 रुपये का कैशबैक मिलेगा, हालांकि इसके लिए पेटीएम मॉल एप से खरीदारी करनी पड़ेगी। इसके अलावा जियो की ओर से 4,450 रुपये का फायदा मिल रहा है।

    मोटो जी6 की स्पेसिफिकेशन

    मोटो जी6 प्लस के फीचर्स की बात करें तो इसमें 5.93 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 18:9 और रिजॉल्यूशन 1080x2160 पिक्सल है। इसके अलावा फोन में स्टॉक एंड्रॉयड ओरियो 8.0 मिलेगा, हालांकि कंपनी ने कहा है कि इस फोन को एंड्रॉयड पाई 9.0 का भी अपडेट मिलेगा। मोटो जी6 में डुअल सिम सपोर्ट, 2.2GHz ऑक्टाकोर स्नैपड्रैगन 630 प्रोसेसर, ग्राफिक्स के लिए 508 जीपीयू, 6 जीबी रैम और 64 जीबी की स्टोरेज मिलेगी जिसे 128 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा।

    मोटो जी6 प्लस के कैमरे की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा है जिसमें एक लेंस 12 मेगापिक्सल का है जिसका अपर्चर f/1.7 है, वहीं दूसरा लेंस 5 मेगापिक्सल का है। वहीं फ्रंट कैमरा 8 मेगापिक्सल का दिया गया है। रियर व फ्रंट दोनों कैमरे के साथ डुअल टोन फ्लैश लाइट मिलेगी।

    कनेक्टिविटी की बात करें तो इसमें 4G LTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ 5.0, यूएसबी टाइप सी, एनएफसी, 3200 एमएएच की बैटरी और 3.5 एमएम का हेडफोन जैक मिलेगा। बैटरी मोटोरोला के टर्बो चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि 15 मिनट की चार्जिंग में बैटरी 7 घंटे तक का बैकअप देगी।

    और पढ़ें...