मोटोरोला के मोटो जी6 और मोटो जी6 प्ले स्मार्टफोन आज भारत में होंगे लॉन्च, ऐसे देखें लाइव

लेनोवो के स्वामित्व वाली मोबाइल निर्माता कंपनी मोटोरोला भारत में अपने जी सीरीज के 2 स्मार्टफोन मोटो जी6 और मोटो जी6 प्ले आज यानि 4 जून को भारत में लॉन्च करने वाली है। फोन की लॉन्चिंग नई दिल्ली में आयोजित एक इवेंट में सुबह 11.45 बजे होगी। लॉन्चिंग इवेंट मोटोरोला के यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज पर देखा जा सकता है।
मोटो जी6 की बिक्री अमेजॉन और मोटो जी6 प्ले की अमेजॉन इंडिया, फ्लिपकार्ट और मोटो हब से होगी। हालांकि कंपनी ने अभी तक कीमत और फोन की उपलब्धता के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। गौरतलब है कि मोटोरोला ने पिछले महीने मोटो जी6, जी6 प्ले और जी6 को ब्राजील में लॉन्च किया था। इनमें से मोटो जी6 और जी6 प्ले के भारत में आने की पुष्टि तो हो गई है लेकिन जी6 प्लस के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।
फोन के स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो इसमें मोटो जी6 में एंड्रॉयड ओरियो 8.0, 5.7 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले, कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 3 प्रोटेक्शन, डुअल रियर कैमरा (12+5 मेगापिक्सल), स्नैपड्रैगन का ऑक्टाकोर प्रोसेसर, 3GB/4GB रैम, 32GB/64GB स्टोरेज मिलेगी जिसे 128 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा। इसके अलावा फोन में 3000mAh की बैटरी मिलेगी।
Moto G6 Play के फीचर्स की बात करें तो इसमें 5.7 इंच की एचडी प्लस डिस्प्ले मिलेगी। साथ ही इस फोन में स्नैपड्रैगन 427 प्रोसेसर, 2GB/3GB रैम, 16GB/32GB स्टोरेज, 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा, 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा और 4000mAh की बैटरी मिलेगी।
फोन की कीमतों की बात करें तो Moto G6 की कीमत $249 यानि करीब 16,500 रुपये और Moto G6 Play की कीमत $199 यानि करीब 13,000 रुपये होगी। दोनों फोन की सीधी टक्कर शाओमी रेडमी नोट 5, रेडमी नोट 5 प्रो, ओप्पो के रियलमी 1 और आसुस जेनफोन मैक्स प्रो एम1 से होगी।