Moto G13 review: 10 हजार रुपये से कम में एक अच्छा स्मार्टफोन, टाईप-सी पोर्ट से लेकर Dolby स्पीकर तक मिलता है
Moto G13 को 5,000 एमएएच की बैटरी और दो कलर ऑप्शन में पेश किया गया है। इसके 4 जीबी रैम के साथ 64 जीबी स्टोरेज की कीमत 9,499 रुपये और 4 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 9,999 रुपये रखी गई है। Moto G13 को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया है। आइए Moto G13 का रिव्यू जानते हैं...

विस्तार
मोटोरोला ने हाल ही में अपने नए और सस्ते फोन Moto G13 को भारत में लॉन्च किया है। Moto G13 में मीडियाटेक हीलियो चिपसेट और 50 मेगापिक्सल का ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है। फोन में 90Hz डिस्प्ले के साथ स्लिम और प्रीमियम डिजाइन मिलती है। Moto G13 को 5,000 एमएएच की बैटरी और दो कलर ऑप्शन में पेश किया गया है। इसके 4 जीबी रैम के साथ 64 जीबी स्टोरेज की कीमत 9,499 रुपये और 4 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 9,999 रुपये रखी गई है। Moto G13 को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया है। आइए Moto G13 का रिव्यू जानते हैं...
Moto G13 review: डिजाइन

Moto G13 के साथ फ्लैट किनारे वाली डिजाइन मिलती है। डिजाइन कुछ स्पेशल नहीं है लेकिन अच्छी है। रियर पैनल पर ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है। पीछे की ओर सेंटर में मोटो की ब्रांडिंग है। फोन का बैक पैनल प्लास्टिक का है, लेकिन फिनिशिंग ग्लास जैसी है। रिव्यू के लिए हमारे पास मैटे चारकोल कलर था, हालांकि आप इसे लावेंडर ब्लू कलर में भी खरीद सकते हैं। फोन के साथ बॉक्स में एडाप्टर, केबल और सिलिकॉन कवर मिलता है।

फोन में ऊपर की ओर 3.5एमएम का हेडफोन जैक मिलता है और मेमोरी कार्ड के लिए अलग से स्लॉट भी मिलता है। इस एंट्री लेवल फोन में भी यूएसबी टाईप-सी पोर्ट मिलता है। ऐसे में इस मामले में यह फोन रेडमी, पोको और रियलमी के कई फोन को पीछे छोड़ता है। फोन को IP52 की रेटिंग भी मिली है। 10 हजार रुपये की रेंज में आपको शायद ही इस रेटिंग वाले फोन मिलेंगे। इसमें सिंगल स्पीकर ग्रिल है। फोन का कुल वजन 181 ग्राम है। ओवरऑल अपनी रेंज में यह एक अच्छी डिजाइन वाला फोन कहा जाएगा।
Moto G13 review: डिस्प्ले

Moto G13 के साथ 6.5 इंच की HD+ डिस्प्ले मिलती है जिसके साथ 90Hz का रिफ्रेश रेट मिलता है। डिस्प्ले के साथ पंचहोल कटआउट मिलता है। डिस्प्ले पर PANDA ग्लास की प्रोटेक्शन मिलती है। डिस्प्ले काफी स्मूथ है। वीडियो देखने में कलर्स अच्छे मिलते हैं। डिस्प्ले का टच अच्छा है और स्क्रॉलिंग आदि में लैग की कोई समस्या नहीं आती है। डिस्प्ले को Widevine L1 सर्टिफिकेशन भी मिला है तो आप नेटफ्लिक्स और अमेजन प्राइम के एचडी वीडियो आराम से देख सकते हैं। वैसे यूट्यूब पर आप 4के वीडियो भी देख सकते हैं। डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 400 निट्स है। ओवरऑल अपनी कीमत में इसे अच्छी डिस्प्ले कहा जाएगा।