India 5g Phones: 17 महीने में भारत में लॉन्च हुए करीब 50 फोन, नेटवर्क का अभी तक कोई अता-पता नहीं

प्रदीप पाण्डेय
Tue, 27 Jul 2021 07:08 PM IST
सार

24 फरवरी 2020 को भारत में पहला 5जी स्मार्टफोन लॉन्च हुआ था और यह स्मार्टफोन था Realme X50 Pro और इसकी शुरुआती कीमत 44,999 रुपये थी।

विज्ञापन
more than 50 5g phones launched in india in the last one year the network is still unknown
5G Smartphone in India - फोटो : amarujala

    विस्तार

    24 फरवरी 2020 को भारत में पहला 5जी स्मार्टफोन लॉन्च हुआ था और यह स्मार्टफोन था Realme X50 Pro। Realme X50 Pro मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2020 में लॉन्च होने वाला था लेकिन कोरोना वायरस की वजह से मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस रद्द हो गया जिसके बाद Realme X50 Pro को एक ऑनलाइन इवेंट में पेश किया गया था। Realme X50 Pro को भारत में 44,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था।

    इससे पहले फरवरी 2017 बर्सिलोना में हुए मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में चाइनीज कंपनी ZTE ने दुनिया का पहला 5जी स्मार्टफोन लॉन्च किया था जिसका नाम 'गिगाबाइट फोन' रखा गया था। इस फोन की डाउनलोडिंग स्पीड को लेकर 1जीबी प्रति सेकेंड का दावा किया गया था। भारत में अभी भी 5जी नेटवर्क का ट्रायल ही चल रहा है लेकिन पिछले एक साल में भारत में 50 से अधिक 5जी स्मार्टफोन लॉन्च हो चुके हैं।

    विज्ञापन

    भारत का दूसरा 5जी फोन था iQOO 3

    भारत में लॉन्च होने वाला दूसरा 5जी स्मार्टफोन वीवो के सब-ब्रांड आईकू (IQOO) का था जिसका नाम iQOO 3 था और इसे 25 फरवरी 2020 को भारत में लॉन्च किया गया था। iQOO 3 को भारतीय बाजार में 36,990 रुपये की शुरुआती कीमत पर पेश किया गया था। iQOO 3 को भारत में 4जी और 5जी दोनों वेरियंट में लॉन्च किया गया था।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    17 महीने में 44,999 रुपये से 13,999 रुपये पहुंची 5जी स्मार्टफोन की कीमत

    भारत में 5जी नेटवर्क अभी भी कमर्शियल तौर पर उपलब्ध नहीं है यानी आप चाहकर भी अपने 5जी फोन में 5जी इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं, लेकिन 5जी फोन की लॉन्चिंग में कोई कमी नहीं हो रही है। 17 महीने पहले जहां भारत में 5जी स्मार्टफोन की शुरुआती कीमत 44,999 रुपये थी वहीं अब आप 13,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर 5जी स्मार्टफोन खरीद सकते हैं। कुछ दिन पहले तक Poco M3 Pro 5G भारत का सबसे सस्ता 5जी स्मार्टफोन था लेकिन अब इसी कीमत में Redmi Note 10T 5G को पेश किया है। अब इन दोनों फोन को 13,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर खरीदा जा सकता है।

    फोन की लाइफ हो गई खत्म लेकिन नहीं मिला 5जी इस्तेमाल करने का मौका

    आमतौर पर किसी स्मार्टफोन की कुल लाइफ दो-तीन साल तक की होती है लेकिन एक साल के खत्म होते ही बैटरी की समस्या होने लगती है और फोन में हैंग होने की दिक्कत आने लगती है। अब उन यूजर्स के बारे में सोचिए जिन्होंने फरवरी 2020 में यह सोचकर 5जी स्मार्टफोन खरीदा था कि जल्द ही 5जी इस्तेमाल करने को मिलेगा। 17 महीने बीत जाने के बाद भी ऐसे लोगों को अपने फोन में 5जी नसीब नहीं हुआ और फोन की लाइफ भी खत्म हो ही रही है।

    शाओमी और रियलमी के पास सात से अधिक 5जी स्मार्टफोन

    यदि यह कहा जाए कि भारतीय 5जी स्मार्टफोन बाजार में केवल चाइनीज कंपनियों का कब्जा है तो गलत नहीं होगा। शाओमी और रियलमी ने पिछले एक साल में भारत में फ्यूचर रेडी के नाम पर करीब 20 5जी स्मार्टफोन लॉन्च किए हैं, जबकि 5जी नेटवर्क कोई अता-पता नहीं है। ओप्पो के पास भी पांच से अधिक 5जी स्मार्टफोन हैं जिनकी बिक्री भारतीय बाजार में हो रही है। एपल के आईफोन 12 सीरीज के सभी फोन में 5जी का सपोर्ट है और यही हालत वनप्लस की भी है। सैमसंग इंडिया के पास भी 8-10 5जी स्मार्टफोन हैं। माइक्रोमैक्स या लावा जैसी घरेलू कंपनियों ने अभी तक 5जी फोन लॉन्च नहीं किए हैं। मोटोरोला और वीवो के पास भी कई 5जी स्मार्टफोन हैं जिनकी बिक्री भारत में हो रही है।

    भारत में कब लॉन्च होगा 5जी?

    भारत में लॉन्चिंग का सटीक जवाब किसी के पास नहीं है। स्पेक्ट्रम की नीलामी हो गई है। एयरटेल और रिलायंस जियो युद्ध स्तर पर ट्रायल भी कर रहे रहे हैं लेकिन इन्हें कब आम जनता के लिए उपलब्ध कराया जाएगा इसके बारे में फिलहाल कोई सटीक जानकारी उपलब्ध नहीं है। सरकार ने भी अभी तक 5जी की लॉन्चिंग की कोई तारीख मुक्करर नहीं की है।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें