Mivi ROAM 2 Review: 100% मेड इन इंडिया स्पीकर में कितना दम है?

घरेलू कंपनी Mivi ने पिछले महीने Mivi ROAM 2 वायरलेस स्पीकर लॉन्च किया है। मिवी का दावा है कि उसका यह स्पीकर 100 फीसदी मेड इन इंडिया है। इस स्पीकर के आइडिया से लेकर डिजाइनिंग और बाजार में लॉन्च करने तक की पूरी प्लानिंग भारत में ही हुई है। मिवी का मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट हैदराबाद में है। Roam 2 एक 5 वॉट की क्षमता का वायरलेस स्पीकर है जिसकी बैटरी लाइफ को लेकर कंपनी ने 24 घंटे के प्लेबैक का दावा किया है। इस स्पीकर की कीमत 1,199 रुपये रखी गई है। आइए रिव्यू में जानते हैं मिवी के इस स्पीकर में कितना दम है?

Mivi ROAM 2 की डिजाइन
मिवी के इस स्पीकर की डिजाइन हैंडी और कॉम्पैक्ट भी है। फ्रंट में एक फ्रेम है जो कि एल्यूमीनियम का है, राउंड कॉर्नर रग्ड रबड़ का है, जबकि बैक पैनल प्लास्टिक का है। स्पीकर के साथ एक हेंगर भी मिलता है जिससे इसे यूज करने में आसानी रहती है। स्पीकर का कॉर्नर कर्व्ड हैं। स्पीकर की ग्रिपिंग अच्छी है। किसी सतह से यह आसानी से फिसलता नहीं है।

कंपनी के दावे के मुताबिक यह स्पीकर पूरी तरह से वाटर और डस्टप्रूफ है, हालांकि IP रेटिंग के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। पावर, वॉल्यूम और पॉज बटन को सबसे ऊपर जगह मिली लेफ्ट में हेंगर और राइट एक कवर के अंदर 3.5एमएम का ऑक्स पोर्ट और माइक्रो यूएसबी चार्जिंग पोर्ट मिलता है। मिवी रोम 2 की डिजाइन, फिनिशिंग और बिल्ड क्वॉलिटी हमें पसंद आई।

Mivi ROAM 2 की परफॉर्मेंस
कनेक्टिविटी के लिए इस स्पीकर में ब्लूटूथ 5.0 दिया गया है। शानदार बैटरी बैकअप के लिए इसमें 2000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। आमतौर में इस रेंज के किसी स्पीकर में इतनी बड़ी बैटरी नहीं मिलती है। यह एक 5वॉट का स्पीकर है लेकिन एक कमरे और सिंगल यूज के लिए आवाज पर्याप्त है। आप अपनी जरूरत के हिसाब से दो मिवी स्पीकर को आपस में कनेक्ट कर सकते हैं।

इस स्पीकर को हमने रिव्यू के दौरान MI QLED TV के साथ भी इस्तेमाल किया। ऑडियो क्वॉलिटी क्लियर और संतोषजनक है। कंपनी के दावे के मुताबिक Mivi ROAM 2 में सुपर बास तो नहीं है लेकिन इतना बास है कि आपको शिकायत नहीं होगी। कहने का मतलब है कि बास बढ़िया है।

स्पीकर को फुल वॉल्यूम पर इस्तेमाल करने पर आवाज की क्वॉलिटी खराब नहीं होती है। कॉलिंग की बात करें तो कोई भी वायरलेस स्पीकर लेगुलर बातचीत के लिए नहीं होता है। दूर से बात करना मुश्किल है, लेकिन करीब से आराम से बातचीत होती है। एंड्रॉयड और आईओएस दोनों डिवाइस के साथ हमने इसे इस्तेमाल किया है। हमें बढ़िया रिजल्ट मिला।

अब जहां तक बैटरी का सवाल है तो करीब 25-30 वॉल्यूम पर इस स्पीकर को लगातार 17 घंटे तक इस्तेमाल किया जा सकता है, वहीं यदि आप फुल वॉल्यूम पर इस्तेमाल करते हैं तो भी आपको 8-10 घंटे का बैकअप आराम से मिल जाएगा। तो Mivi ROAM 2 स्पीकर की बैटरी लाइफ अच्छी कही जाएगी। 1,200-1,500 रुपये की रेंज में इतनी बैटरी लाइफ वाला शायद कोई स्पीकर मिलेगा।