Micromax In 1b के इस वेरियंट में नहीं मिलेगा रेगुलर एंड्रॉयड 10, यह है वजह

घरेलू मोबाइल निर्माता कंपनी माइक्रोमैक्स ने लंब समय बाद इन सीरीज के साथ बाजार में वापसी की है। माइक्रोमैक्स ने इन सीरीज के तहत भारतीय बाजार में Micromax IN Note 1 और Micromax In 1b दो स्मार्टफोन लॉन्च किए हैं जिनमें से नोट 1 एक मिडरेंज बजट फोन है, जबकि Micromax In 1b एक बजट स्मार्टफोन है। प्रोडक्शन ना होने के कारण Micromax In 1b की बिक्री अभी तक भारत में शुरू नहीं हुई है, लेकिन इसी बीच खबर है कि Micromax In 1b के बेस वेरियंट को एंड्रॉयड गो वर्जन के साथ उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि रेगुलर वेरियंट एंड्रॉयड 10 के साथ मिलेगा।
Micromax In 1b का बेस वेरियंट 2 जीबी रैम और 3 जीबी स्टोरेज के साथ और रेगुलर वेरियंट 4 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज के साथ बिकेगा। फ्लिपकार्ट पर बेस वेरियंट यानी एंड्रॉयड गो वर्जन वाले फोन को लिस्ट कर दिया है, हालांकि फिलहाल यह फोन कमिंग सून है यानी जल्द आने वाला है।
कुछ दिन पहले XDA डेवलपर्स की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि गूगल 2 जीबी या इससे कम रैम वाले फोन के लिए एंड्रॉयड गो वर्जन अनिवार्य करने की तैयारी में है, इसी वजह से माइक्रोमैक्स को Micromax In 1b के बेस वेरियंट को एंड्रॉयड गो वर्जन के साथ लॉन्च करना पड़ रहा है।
बता दें कि गूगल ने साल 2017 में एंड्रॉयड गो वर्जन पेश किया था जिसे कम रैम और स्टोरेज वाले फोन के लिए खासतौर पर डिजाइन किया गया है। एंड्रॉयड गो वाले पहले फोन को MWC 2018 में दिखाया गया था। माइक्रोमैक्स ने इससे पहले Micromax Bharat Go,Spark Go को एंड्रॉयड गो वर्जन के साथ पेश किया है।