Android 11 अपडेट के बाद खराब हुए Mi A3 को फ्री में रिपेयर करेगी Xiaomi

हाल ही में शाओमी ने अपने Xiaomi Mi A3 यूजर्स के लिए एंड्रॉयड 11 का अपडेट जारी किया था जिसके बाद कई लोगों के फोन बंद हो गई थे और कईयों की डिस्प्ले पर कुछ भी नहीं दिख रहा था। अपडेट के बाद इस बग के कारण हजारों यूजर्स के प्रभावित होने पर शाओमी ने एंड्रॉयड 11 के अपडेट को फिलहाल टाल दिया है।
इसके साथ ही Xiaomi ने साफ शब्दों में कहा है कि अपडेट के बाद जिन यूजर्स के Mi A3 खराब हुए हैं वे देश के 2,000 से अधिक सर्विस सेंटर पर जाकर मुफ्त में अपना फोन टीक करवा सकते हैं। खास बात यह है कि जिन फोन की वारंटी खत्म हो गई है उन्हें भी फ्री में सर्विस सेंटर पर रिपेयर कराया जा सकता है।
Mi A3 के नए अपडेट में क्या था?
शाओमी ने Mi A3 के लिए एंड्रॉयड 11 का अपडेट जारी किया था जिसमें बेहतर ऑडियो एक्सपेरियंस, बेहतर डू नॉट डिस्टर्ब जैसे फीचर्स शामिल थे, लेकिन अपडेट करने के बाद कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर शिकायत करते हुए कहा है कि अपडेट के बाद उनका फोन पूरी तरह से बंद हो गया है।
कई यूजर्स ने दावा किया था कि कंप्यूटर से कनेक्ट करने के बाद भी फोन ऑन नहीं हो पा रहा है। इस तरह की दिक्कतों को तकनीकी भाषा में ब्रिकिंग (Bricking) कहा जाता है। इस बग के कारण केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों के यूजर्स प्रभावित हुए हैं।
इस बग के बाद शाओमी इंडिया को टैग करते हुए एक यूजर ने लिखा था, 'अपडेट डाउनलोड करने के बाद मेरा Mi A3 फोन डेड हो गया है। मैं सर्विस सेंटर पर गया, लेकिन वे भी फोन को ठीक नहीं कर पाए।' शिकायतों को लेकर कई लोगों ने Change.org पर कैंपेन चलाया है कि या तो कंपनी इस बग को फिक्स करे या फिर नया फोन दे।