सावधान! भूलकर भी ना करें Mi A3 को अपडेट, खराब हो जाएगा आपका स्मार्टफोन

यदि आपके पास भी शाओमी का Mi A3 स्मार्टफोन है तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। शाओमी ने Mi A3 के लिए नया अपडेट जारी किया है, लेकिन इस अपडेट में एक बग है जिसके कारण लोगों को फोन खराब हो रहे हैं। कई लोगों ने इस संबंध में शिकायत की है। शिकायतें मिलने के बाद शाओमी ने फिलहाल Mi A3 के एंड्रॉयड 11 के अपडेट को रोक दिया है।
Mi A3 के नए अपडेट में क्या था?
शाओमी ने Mi A3 के लिए एंड्रॉयड 11 का अपडेट जारी किया था जिसमें बेहतर ऑडियो एक्सपेरियंस, बेहतर डू नॉट डिस्टर्ब जैसे फीचर्स शामिल थे, लेकिन अपडेट करने के बाद कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर शिकायत करते हुए कहा है कि अपडेट के बाद उनका फोन पूरी तरह से बंद हो गया है।
दावा किया जा रहा है कि कंप्यूटर से कनेक्ट करने के बाद भी फोन ऑन नहीं हो पा रहा है। इस तरह की दिक्कतों को तकनीकी भाषा में ब्रिकिंग (Bricking) कहा जाता है। इस बग के कारण केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों के यूजर्स प्रभावित हुए हैं।
शाओमी इंडिया को टैग करते हुए एक यूजर ने कहा है, 'अपडेट डाउनलोड करने के बाद मेरा Mi A3 फोन डेड हो गया है। मैं सर्विस सेंटर पर गया, लेकिन वे भी फोन को ठीक नहीं कर पाए।' शिकायतों को लेकर कई लोगों ने Change.org पर कैंपेन चलाया है कि या तो कंपनी इस बग को फिक्स करे या फिर नया फोन दे।
बग को दूर करने का वादा
शाओमी ने कहा है कि उसे इस बग के बारे में जानकारी मिली है और एक टीम इस बग को फिक्स करने के लिए काम कर रही है। साथ ही अपडेट को फिलहाल रोक दिया गया है। जल्द ही इसका कोई समाधान निकाला जाएगा, हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि जिन लोगों का फोन बंद हो गया है, उनका समाधान कंपनी कैसे करेगी।