Linksys का E9450 WIFI 6 राउटर भारत में लॉन्च, जानें कीमत और खासियत
E9450 एक डुअल बैंड वाई-फाई 6 राउटर है। इसके साथ OFDMA और MU-MIMO का भी सपोर्ट दिया गया है। इसका फायदा ऑनलाइन गेमिंग और स्मार्ट डिवाइस के साथ मिलेगा।

विस्तार
लिंकसिस ने भारतीय बाजार में अपने नए वाई-फाई राउटर Linksys E9450 WIFI 6 को पेश कर दिया है। इसे EasyMesh राउटर सीरीज के तहत पेश किया गया है। इस राउटर में वाई-फाई 6 का सपोर्ट दिया गया है जो कि बेहतर कनेक्टिविटी, बेहतर कवरेज और फास्ट डाटा ट्रांसफर के लिए है। इस राउटर को दो वेरियंट में उपलब्ध कराया गया है जिनमें E9450 और E9452 शामिल हैं। इन राउटर को खासतौर पर वर्क फ्रॉम होम को ध्यान में रखते हुए पेश किया गया है।
E9450 एक डुअल बैंड वाई-फाई 6 राउटर है। इसके साथ OFDMA और MU-MIMO का भी सपोर्ट दिया गया है। इसका फायदा ऑनलाइन गेमिंग और स्मार्ट डिवाइस के साथ मिलेगा। E9450 राउटर के साथ मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट और स्मार्ट होम डिवाइस पर फास्ट इंटरनेट का दावा किया गया है। यह राउटर 2,500 स्क्वॉयर फीट एरिया को कवर करता है और इतनी रेंज में 5.4Gbps तक की स्पीड मिलेगी।
इस राउटर से एक साथ 40 डिवाइस को कनेक्ट किया जा सकता है। दावा है कि इस पर आप बिना किसी दिक्कत के लगातार 8K वीडियो देख सकते हैं। दोनों राउटर में 6 पोर्ट दिए गए हैं। इसके अलावा 160MHz बैंडविड्थ का भी सपोर्ट है। राउटर में 1.5GHz क्लॉक स्पीड वाला ट्रिपल कोर प्रोसेसर दिया गया है।
राउटर में चार इंटरनल एंटीना हैं। इसके अलावा 256MB फ्लैश के साथ 512MB रैम दी गई है। Linksys E9450 की कीमत 14,999 रुपये रखी गई है। वहीं E9452 के दो पैक को 28,999 रुपये की कीमत पर खरीदा जा सकता है। दोनों राउटर की बिक्री अमेजन इंडिया से हो रही है।