LG G8s ThinQ Review : क्या वाकई यह फोन है प्रीमियम सेगमेंट में बेस्ट, पढ़ें रिव्यू

टेक कंपनी एलजी (LG) ने नवंबर में जी सीरीज के तहत जी8 एस थिनक्यू (LG G8s ThinQ) फ्लैगशिप फोन को भारत में लॉन्च किया था। हालांकि, इससे पहले कंपनी ने स्मार्टफोन बाजार में जी8 थिनक्यू और वी50 व्यू कई जैसे कई स्मार्टफोन उतारे थे, जिनकी उम्मीद से कम सेल हुई थी। वहीं, यूजर्स को एलजी जी8एस थिनक्यू में जी-ओएलईडी डिस्प्ले, दमदार प्रोसेसर और फास्ट चार्जिंग जैसे फीचर्स मिले हैं। इसके अलावा कंपनी ने गेम और फोटोग्राफी के शौकीनों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए छह जीबी रैम और दमदार कैमरा का सपोर्ट दिया है। लेकिन अन्य कंपनियों की तरह एलजी ने इस डिवाइस में ग्लास बॉडी दी है। हम आपके लिए खास इस फोन का रिव्यू लेकर आए हैं, जिससे आप जान सकेंगे कि क्या वाकई यह फोन खरीदने लायक है या नहीं...
LG G8s Thinq की कीमत और उपलब्धता

एलजी ने इस फोन को 50,000 रुपये के प्राइस टैग के साथ भारत में पेश किया था। हालांकि, अब यह फोन अमेजन और फ्लिपकार्ट पर 35,990 रुपये की कीमत के साथ उपलब्ध है। आप इस फोन के केवल ब्लैक मिरर कलर ऑप्शन के साथ खरीद सकेंगे।
LG G8s Thinq का डिस्प्ले, डिजाइन और बॉडी

एलजी ने इस फोन में 6.2 इंच का एफएचडी प्लस जी-ओएलईडी डिस्प्ले दिया है, जिसका रिजॉल्यूशन 2248 x 1080 पिक्सल है। साथ ही स्क्रीन की प्रोटेक्शन के लिए कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 5 का सपोर्ट दिया गया है। एचडी स्क्रीन होने की वजह से इस फोन में वीडियो देखने से लेकर गेम खेलने तक का मजा दोगुना हो जाता है।
वहीं, इस फोन के फ्रंट में आईफोन जैसा नॉच दिया है, जो कि इस डिवाइस को आईफोन जैसा लुक देता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एपल सबसे पहले आईफोन 10 सीरीज में इस नॉच को लेकर आया था। इसके बाद से ही सभी कंपनियों ने अपने डिवाइसेज में नॉच देना शुरू किया था। वहीं, आपको इस फोन में स्क्रीन शेयरिंग और स्क्रीन रिकॉर्डिंग का ऑप्शन मिलेगा।
एलजी ने इस फोन में कर्व्ड कॉर्नर दिए हैं, जो इसको आकर्षक बनाते हैं। कर्व्ड कॉर्नर की वजह से इसको आसानी से ग्रिप किया जा सकता है और इससे फोन की स्क्रीन को भी नुकसान नहीं होता है। हालांकि, अन्य कंपनियों की तरह एलजी ने इस फोन में भी ग्लास बॉडी दी है।
दूसरी तरफ इस फोन के बैक पैनल में हॉरिजॉन्टल शेप में तीन कैमरे दिए गए हैं। साथ ही आपको इसमें सुरक्षा के लिए रियर पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर, हैंड आईडी और फेस अनलॉक फीचर मिलेगा। लेकिन, इस फोन का हैंड आईडी फीचर सटीक नहीं है। अधिकतर बार यह काम ही नहीं करता है।
LG G8s ThinQ की बैटरी और कनेक्टिविटी

कंपनी ने इस प्रीमियम स्मार्टफोन में 3,550 एमएएच की बैटरी दी है, जो क्विक चार्जिंग 3.0 फीचर से लैस है। आपको बता दें कि यह फोन सिंगल चार्ज में डेढ़ दिन तक चलता है। वहीं, इस फोन को जीरो से 100 फीसदी चार्ज होने में डेढ़ घंटे का समय लगता है। लेकिन जब इस फोन पर म्यूजिक सुनने के साथ दूसरे एप्स का इस्तेमाल किया जाता है, तो इसकी बैटरी तेजी से ड्रेन होती है। हालांकि, इस परेशानी को कम करने के लिए आप इस फोन में मौजूद बैटरी सेवर फीचर का इस्तेमाल कर सकते हैं। कुल मिलाकर कहें तो एलजी जी8 क्यू की बैटरी अच्छी है। वहीं, कनेक्टिविटी के लिहाज से कंपनी ने इस फोन में ब्लूटूथ, वाई-फाई, जीपीएस, एनएफसी, 4G LTE, ऑडियो जैक और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट जैसे फीचर्स दिए हैं।
LG G8S ThinQ का कैमरा

कंपनी ने इस फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया है, जिसमें 12 मेगापिक्सल का सेंसर, 13 मेगापिक्सल का वाइड एंगल और 12 मेगापिक्सल का टेलीफोटो लेंस मौजूद हैं। इस डिवाइस के कैमरे की खासियत की बात करें तो इसमें आपको इसके मैन्युअल मोड में तीनों कैमरा को एक साथ इस्तेमाल करने का विकल्प मिलेगा।
इसके साथ ही आप इलेक्ट्रॉनिक इमेज स्टेबलाइजेशन के जरिए स्टेबल वीडियो रिकॉर्डिंग कर पाएंगे। इस फीचर से पिक्चर बिलकुल भी फ्लकचुएट नहीं होगी। इतना ही नहीं आप बेहतर लाइटिंग के अंदर शानदार तस्वीर क्लिक कर सकेंगे। इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि इस डिवाइस के सेंसर रिच कलर प्रड्यूस करते हैं और तस्वीरों में किसी तरह का न्वाइज नहीं आता है।

वहीं, तेज धूप में तस्वीर ओवर एक्सपोज्ड हो जाती है। तो दूसरी तरफ नाइट मोड में आपको रिच कलर के साथ शानदार तस्वीर क्लिक करने के ऑप्शन मिलता है। हालांकि, कम लाइटिंग में फोटो के रंग थोड़े डल हो जाते हैं। वहीं कम या कमरे की रौशनी में कैमरा काफी निराश करता है। एलजी जी8एस थिनक्यू के वाइड एंगल और टेलीफोटो लेंस की बात करें तो यह दोनों लेंस शानदार तस्वीरें क्लिक करते हैं। वाइड एंगल लेंस की खासियत की बात करें तो इस सेंसर से खीची गई तस्वीर में कर्व्ड एज इफेक्ट देखने को नहीं मिलता है।


इसके अलावा जी8एस थिनक्यू के दोनों सेंसर ऑब्जेक्ट पर सटीक फोकस करते हैं। वहीं, दूसरी तरफ कंपनी ने आसान फोटोग्राफी के लिए इस फोन में स्टूडियो, एआई कैम, पोट्रेट, ट्रिपल शूट, स्टोरी शूट, सिन शूट, फ्लैश जम्प-कट, स्लो मोशन, स्टैडी कैम और मैन्युअल वीडियो जैसे फीचर्स दिए हैं। वहीं, आप इस फोन के कैमरा से 60 एफपीएस के साथ 4के वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकेंगे। साथ ही आप अपने हिसाब से फोकल लेंथ को एडजस्ट कर सकते हैं।


एलजी ने इस फोन के फ्रंट में 8 मेगापिक्सल का कैमरा दिया है। कैमरे के साथ आपको 10एक्स जूम मिलता है। आपको इस फोन के फ्रंट कैमरा के साथ नॉच में एक ToF सेंसर मिलेगा। इस फोन के फ्रंट कैमरा में आपको पोट्रेट मोड, स्टूडियो इफेक्ट और ऑटो मोड मिलेगा। स्टूडियो मोड की बात करें तो आप इसमें व्हाइट बैलेंस और ब्राइटनेस को अपने हिसाब से सेट कर सकेंगे। साथ ही पोट्रेट मोड में आपको बैकग्राउंड ब्लर करने के विकल्प मिलेगा। कुल मिलाकर कहें तो इस फोन का कैमरा सेटअप डीएसएलआर की तरह फोटो क्लिक करता है। अगर आप फोटोग्राफी के फोन खरीदने का विचार कर रहे है, तो यह फोन आपके लिए बेस्ट है।
LG G8S ThinQ का परर्फॉर्मेंस

एलजी ने बेहतर परफॉर्मेंस के लिए इस फोन में एड्रॉयड 9.0 पाई और स्नेपड्रैगन 855 प्रोसेसर दिया है। इसके साथ ही आपको इस फोन में 6 जीबी और 128 जीबी इंटरनल स्टोरेज का सपोर्ट मिलेगा। सबसे पहले इस फोन के यूजर इंटरफेस की बात करें तो इसका यूआई थोड़ा आपको परेशान कर सकता है।
इसके अलावा आपको इस डिवाइस में एयर मोशन फीचर दिया गया है। इस फीचर के जरिए आप अपने हाथ के इशारों से किसी भी एप को ओपन या बंद और साउंड को कम या ज्यादा कर सकेंगे। वहीं, इस फीचर की सटीकता भी बहुत कम है। अगर आप गेमिंग लवर है, तो आपको इस फोन में इन-बिल्ट ऑप्टिमाइजर और गेमिंग मोड मिलेगा। इस फीचर के जरिए आप मोबाइल को ऑप्टिमाइज कर गेमिंग के अनुभव को बेहतर बना सकेंगे। फिलहाल, इस फोन में अब तक एक नवंबर 2019 एंड्रॉयड सिक्योरिटी पैच मौजूद है।
क्या LG G8s ThinQ खरीदने लायक है या नहीं

कोरिया की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी एलजी ने इस फोन को 50,000 रुपये की कीमत के साथ पेश किया था। हालांकि, यह डिवाइस ग्राहकों के लिए ई-कॉमर्स साइट अमेजन पर 35,900 रुपये के प्राइस टैग के साथ उपलब्ध है। ऐसे में इसका मुकाबला वनप्लस 7टी जैसे फोन के साथ है। इस फोन में लेटेस्ट प्रोेसेसर, कैमरा, एयर मोशन, आईपी68 वॉटर रजिस्टेंट और टीओएफ जैसे सेंसर मिलेंगे। वैसे तो इन फीचर्स के साथ इस फोन को खरीदना फायदे का सौदा है। लेकिन इस फोन की बैटरी और बड़ा नॉच आपको निराश करेगा। कुल मिलाकर कहें तो यदि आप इस फोन को खरीदते हैं तो आपको निराशा नहीं मिलेगी।