AI कैमरे के साथ LG G7 ThinQ और G7+ ThinQ हुए लॉन्च, जानें खासियत

LG ने बुधवार को अपने दो नए स्मार्टफोन पेश किए हैं जिनमें LG G7 ThinQ और LG G7+ ThinQ शामिल हैं। दोनों फोन की लॉन्चिंग न्यूयॉर्क में आयोजित एक इवेंट में हुई। एलजी जी7 थिंक और जी7+ थिंक के खास फीचर्स की बात करें तो दोनों फोन क्वॉलकॉम का क्विक चार्ज 3.0, वायरलेस, फेस अनलॉक और वाटरप्रूफ जैसे फीचर्स से लैस है। वाटर और डस्टप्रूफ के लिए दोनों फोन को IP68 रेटिंग मिली है।
LG G7 ThinQ, G7+ ThinQ की स्पेसिफिकेशन

रैम और स्टोरेज के अलावा दोनों स्मार्टफोन में कुछ अलग नहीं है। एलजी जी7 ThinQ और G7+ ThinQ में डुअल सिम सपोर्ट, एंड्रॉयड ओरियो 8.0, 6.1 इंच की क्वॉड एचडी+ फुल व्यू डिस्प्ले है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 19.5:9 है। इसके अलावा दोनों फोन में क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर है। एलजी जी7 थिंक में 4GB रैम व 64 जीबी स्टोरेज है, वहीं G7+ ThinQ में 6 जीबी रैम व 128 जीबी स्टोरेज है।
कैमरे की बात करें तो LG G7 ThinQ में डुअल रियर कैमरा सेटअप है जिसमें दोनों कैमरे 16 मेगापिक्सल के हैं। वहीं फ्रंट कैमरा 8 मेगापिक्सल का है जिसमें 80 डिग्री वाइड एंगल का लेंस है। दोनों फोन में क्विक और वायरलेस चार्जिंग के साथ 3000mAh की बैटरी और कनेक्टिविटी के लिए Wi-Fi 802.11ac, ब्लूटूथ 5.0, USB टाइप-C, NFC, FM रेडियो और 3.5mm का हेडफोन जैक है। फोन में फिंगरप्रिंट सेंसर भी है। जी7+ थिंक के कैमरे के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है। वहीं दोनों फोन की कीमत और भारत में लॉन्चिंग का भी अभी खुलासा नहीं हुआ है।