यह कंपनी लॉन्च करेगी दुनिया का पहला 5G स्मार्टफोन, मिलेगा स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर

अभी सभी लोगों के पास 4जी नहीं है लेकिन 5जी की तैयारी शुरू हो गई है। तमाम टेक्नोलॉजी कंपनियां 5जी नेटवर्क पर काम कर रही हैं। वैसे तो नोकिया और हुवावे समेत कई कंपनियां 5जी स्मार्टफोन लाने की तैयारी कर रही हैं लेकिन खबर है कि चीन की लेनोवो सबसे पहले अपना 5जी स्मार्टफोन बाजार में पेश करेगी।
इसकी जानकारी लेनोवो के वाइस प्रसिडेंट चांग चेंग ने दी है। उन्होंने अपने एक बयान में कहा है कि लेनोवो 5जी स्मार्टफोन लॉन्च करने वाली दुनिया की पहली कंपनी होगी। चांग चेंग ने बताया कि कंपनी के पहले 5जी फोन में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर होगा, हालांकि स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर अभी लॉन्च भी नहीं हुआ है। उम्मीद है कि साल 2019 की शुरुआत में इसकी लॉन्चिंग होगी और उसके बाद लेनोवो का फोन बाजार में आएगा। चांग चेंग ने यह नहीं बताया है कि फोन की लॉन्चिंग कब होगी।
गौरतलब है कि लेनोवो के अलावा ओप्पो, हुवावे, शाओमी, नोकिया और वनप्लस जैसी कंपनियां भी जोर-शोर से 5जी फोन पर काम कर रही हैं। हुवावे ने तो यहां तक कह दिया है कि साल 2019 की तीसरी तिमाही में उसका 5जी फोन लॉन्च हो जाएगा। वहीं वीवो भी अगले साल तक 5जी सपोर्ट वाला फोन लॉन्च करेगा जिसमें क्वॉलकॉम का X50 5G मॉडेम इस्तेमाल होगा।
बता दें कि इससे पहले दुनिया के पहले 5जी स्मार्टफोन का पहला लुक सामने आया था। ट्विटर यूजर Sherif Hanna ने दुनिया के पहले 5जी स्मार्टफोन की फोटो शेयर की थी। ट्विटर पर दी गई जानकारी के मुताबिक Sherif Hanna चिपसेट निर्मता कंपनी क्वॉलकॉम में LTE और 5G NR में मार्केटिंग लीड की पोजीशन पर हैं।