Realme के साथ Jio लॉन्च करेगा सस्ता 4जी स्मार्टफोन, स्मार्ट डिवाइस पर भी चल रहा काम

रिलायंस जियो और रियलमी सस्ते 4जी स्मार्टफोन पर काम कर रहे हैं। इसकी पुष्टि आधिकारिक तौर पर रिलायंस जियो ने कर दी है। रिलायंस जियो के वाइस प्रेसिडेंट सुनिल दत्त ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2020 में कहा है कि रियलमी और जियो सस्ते 4जी स्मार्टफोन और स्मार्ट कनेक्टेड डिवाइस पर काम कर रहे हैं। इससे पहले हमने देखा है कि टेलीकॉम कंपनियों ने एंट्री लेवल स्मार्टफोन के लिए Celkon, Karbonn जैसी कंपनियों के साथ काम किया है।
रिलायंस जियो ने इससे पहले कई कंपनियों के स्मार्टफोन के साथ बायबैक ऑफर पेश की है, लेकिन इस बार नए ऑफर की उम्मीद की जा रही है। सुनिल दत्त ने आईएमसी 2020 में कहा कि कंपनी ऐसे स्मार्टफोन पर काम कर रही है जिसकी कीमत कम हो, ताकि देश के सभी 2जी यूजर्स को 4जी या 5जी नेटवर्क पर लाया जा सके।
सुनिल दत्त ने कहा, 'रिलायंस एक संगठन के रूप में, हमने बहुत ही कम कीमत में 4जी यूजर्स के लिए Jio Phone पेश किया है। अब हम अन्य 4G डिवाइस के लिए Realme और अन्य ब्रांड के साथ काम कर रहे हैं।' बता दें कि Realme ने भारतीय बाजार में 2018 में एंट्री की थी।
बता दें इसी इंडिया मोबाइल कांग्रेस में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा है कि साल 2021 में जियो 5जी लॉन्च करेगा। उन्होंने कहा कि 2021 की दूसरी छमाही में जियो 5जी पेश करेगा और भारत में 5जी नेटवर्क पर नेतृत्व भी करेगा।