iPhone 11 सीरीज के कैमरे में ऐसा क्या है खास, तीन कैमरे से क्या-क्या होगा

दुनिया में आर्थिक सुस्ती के बीच एपल कंपनी ने अपनी आईफ़ोन 11 सीरीज के iPhone, iPad और नई स्मार्ट वॉच को लॉन्च किया है। नए iPhone 11, iPhone 11 Pro और iPhone 11 Pro Max शामिल हैं। लॉन्चिंग के दौरान एपल के सीईओ टिम कुक ने बताया कि iPhone XR साल 2018 का बेस्ट सेलिंग स्मार्टफोन है। फोन्स की खासियत यह बताई गई है कि इनके कैमरे एक साथ कई तरह के फॉरमैट में वीडियो (स्लोमोशन सेल्फी, लैंडस्केप सेल्फी) रिकॉर्ड कर सकते हैं।

इसके अलावा इनमें टेलीफोटो, अल्ट्रा वाइड और नया नाइट मोड भी है जिसकी मदद से कम रौशनी में भी इनके कैमरे उम्दा तस्वीरें खींच सकते हैं। इनका प्रोसेसर भी पहले के आईफोन्स के मुकाबले बढ़िया लगाए गए हैं। यानी ये फोन पहले से भी अधिक तेजी से काम करेंगे। एपल के अनुसार इनकी बैटरी भी पहले के मुकाबले बेहतर है और लॉन्च किए गए आईफोन चार या पांच घंटे ज्यादा काम करेंगे।

कैलिफोर्निया के कूपर्टीनो में हुए एक भव्य समारोह में एपल के सीईओ टीम कुक ने जब एक साथ तीन मोबाइल फोन लॉन्च किए तो उन्होंने बताया कि ये कई खूबियों के साथ एकदम नए डिजाइन में उपलब्ध है। ये फोन वाटर प्रूफ और डस्ट रेसिस्टेंट है। यानी दावा है कि पानी और धूल से इनका कुछ नहीं बिगड़ेगा। आईफोन 11 प्रो में 5.8 इंच स्क्रीन है। आईफोन 11 प्रो मैक्स में 6.5 इंच की स्क्रीन है। दोनों मोबाइल में स्क्रीन रिजॉल्यूशन 458ppi है। डिस्प्ले को सुपर रेटिना का नाम दिया गया है।