डुअल 4जी सपोर्ट के साथ इनफिनिक्स स्मार्ट 2 भारत में हुआ लॉन्च, कीमत व फीचर्स

अगर आप भी किसी कम कीमत वाले 4जी स्मार्टफोन की तलाश में हैं तो इनफिनिक्स ने आपके लिए इनफिनिक्स स्मार्ट 2 स्मार्टफोन लॉन्च कर दिया है। इस फोन में फुल व्यू डिस्प्ले के साथ डुअल 4जी सपोर्ट दिया गया है। इस फोन की शुरुआती कीमत 5,999 रुपये है और इसकी बिक्री 10 अगस्त से फ्लिपकार्ट से होगी। फोन के 32 जीबी वेरियंट की कीमत 6,999 रुपये है। इनफिनिक्स स्मार्ट 2 की सीधी टक्कर शाओमी रेडमी 5ए से है। फोन रेड, ब्लू, ब्लैक और गोल्ड रंग में उपलब्ध होगा।
इनफिनिक्स स्मार्ट 2 की स्पेसिफिकेशन
फोन के फीचर्स की बात करें तो इसमें डुअल सिम सपोर्ट, एंड्रॉयड ओरियो 8.0, 5.45 इंच की एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1280x720 पिक्सल है। इसके अलावा फोन में मीडियाटेक का 1.5 गीगाहर्ट्ज वाला MT6739 प्रोसेसर है और 2/3जीबी रैम के साथ 16 /32 जीबी की स्टोरेज दी गई है। स्टोरेज को मेमोरी कार्ड के जरिए 128 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा।
फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। दोनों कैमरे के साथ आपको एलईडी फ्लैश लाइट मिलेगी। फ्रंट कैमरे के साथ फेस अनलॉक फीचर भी मिलेगा। कंपनी का दावा है कि कम रौशनी में भी शानदार सेल्फी क्लिक की जा सकेगी और बैकग्राउंड को भी धुंधला किया जा सकेगा।
इसके अलावा फोन में 3050mAh की बैटरी है और कनेक्टिविटी के लिए डुअल 4जी वीओएलटीई, वाई-फाई ब्लूटूथ, माइक्रो यूएसबी है। फोन की बॉडी प्लास्टिक की है और इसमें 2 सिम कार्ड के साथ एक मेमोरी कार्ड एक साथ इस्तेमाल किया जा सकेगा। फोन के साथ जियो की ओर से 2,200 रुपये का कैशबैक मिल रहा है।