Infinix Note 5 Stylus भारत में हुआ लांच, गैलेक्सी नोट 9 की तरह मिलेगा पेन का सपोर्ट

इनफिनिक्स इंडिया ने भारत में अपना नया स्मार्टफोन इनफिनिक्स नोट 5 स्टाइलस स्मार्टफोन लांच कर दिया है। फोन की लांचिंग सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित एक इवेंट में दोपहर 12 बजे हुई। इस फोन की खासियत की बात करें तो इसमें सैमसंग गैलेक्सी नोट सीरीज के स्मार्टफोन की तरह इसमें पेन का सपोर्ट दिया गया है। इनफिनिक्स ने फोन के साथ लांच किए पेन का नाम एक्स पेन दिया है। बता दें कि सैमसंग के नोट सीरीज के पेन का नाम एस पेन है।
इनफिनिक्स एक्स पेन की मदद से आप फोन के मीनू को ओपन कर सकते हैं। इसके अलावा आप इसकी मदद से नोटपैड पर कुछ लिख भी सकते हैं। आप एक्स पेन के जरिए ड्रॉइंग भी बना सकते हैं और स्क्रीनशॉट भी ले सकते हैं। इनफिनिक्स नोट 5 स्टाइलस की स्पेसिफिकेशन की बात करें तो फोन में 5.93 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 18:9 है। डिस्प्ले पर 2.5D ग्लास का प्रोटेक्शन भी है। फोन की बॉडी मेटल की है। फोन में एंड्रॉयड ओरियो 8.1 (एंड्रॉयड वन) के साथ गूगल लेंस और गूगल असिस्टेंट का भी सपोर्ट मिलेगा।
ये भी पढ़ेंः भारत में बिकने वाले 9 बेस्ट डुअल कैमरा फोन, कीमत 16,000 रुपये से कम
फोन में 16 मेगापिक्सल का रियर कैमरा है जिसमें एआई पोट्रेट जैसे फीचर्स मिलेंगे। वहीं फ्रंट कैमरा भी 16 मेगापिक्सल का है। फ्रंट कैमरे के साथ भी पोट्रेट मोड मिलेगा। कैमरे के साथ स्लो मोशन और टाइम लैप्स वीडियो रिकॉर्ड करने का भी मौका मिलेगा। इसमें 4000mAh की बैटरी है जिसे लेकर कंपनी का दावा है कि 1 घंटे में बैटरी फुल चार्ज हो जाएगी।
कनेक्टिविटी की बात करें तो इसमें डुअल सिम 4जी वीओएलटीई सपोर्ट है। इस फोन में मीडियाटे का MTK P23 ऑक्टाकोर प्रोसेसर और ग्राफिक्स के लिए ARM Mali G71 है। यह फोन 4GB + 64GB के वेरियंट मे मिलेगा। इसके अलावा फोन में फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ फेस अनलॉक भी मिलेगा। फोन की कीमत 15,999 रुपये है और इसकी बिक्री 4 दिसंबर से फ्लिपकार्ट से होगी। यह फोन दो कलर वेरियंट में मिलेगा। फोन के साथ जियो की ओर से 2200 रुपये का कैशबैक और डाटा मिलेगा।