Google लॉन्च करेगा अपना प्रोसेसर, Pixel 6 और Pixel 6 Pro में होगा इस्तेमाल
गूगल के पिक्सल फोन में इस्तेमाल होने वाले प्रोसेसर का नाम Tensor होगा। इसी प्रोसेसर के साथ Pixel 6 और Pixel 6 Pro फोन को लॉन्च किया जाएगा।

विस्तार
गूगल के नए पिक्सल फोन की लॉन्चिंग होने वाली है, लेकिन लॉन्चिंग से पहले एक बड़ी खबर आई है और वह खबर यह है कि गूगल अपने पिक्सल स्मार्टफोन के लिए खुद का प्रोसेसर लॉन्च करेगा। बता दें कि पिछले 15 सालों से गूगल अपने पिक्सल फोन में क्वॉलकॉम का प्रोसेसर इस्तेमाल कर रहा है।
गूगल ने ट्वीट करके इसकी पुष्टि की है और साथ ही प्रोसेसर का नाम भी बताया है। गूगल के पिक्सल फोन में इस्तेमाल होने वाले प्रोसेसर का नाम Tensor होगा। इसी प्रोसेसर के साथ Pixel 6 और Pixel 6 Pro फोन को लॉन्च किया जाएगा। गूगल के इस एलान के बाद क्वॉलकॉम के शेयर में गिरावट देखी गई है।
गूगल के अपने प्रोसेसर की लॉन्चिंग के बाद क्वॉलकॉम ने अपने एक बयान में कहा है कि वह गूगल के साथ काम कर रही है और भविष्य के प्रोडक्ट स्नैपड्रैगन के साथ पेश किए जाएंगे। बता दें कि पिछले साल एपल ने अपना प्रोसेसर पेश किया था और इंटेल को अलविदा कहा था। एपल के मैकबुक में अब एपल के चिपसेट का ही इस्तेमाल हो रहा है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले एक रिपोर्ट आई थी जिसमें कहा गया था कि गूगल पिक्सल 5a की लॉन्चिंग अगस्त में होने वाली है और इसी महीने से ही फोन की बिक्री भी शुरू हो जाएगी। दावा किया जा रहा है कि Google Pixel 5a को क्वॉलकॉम 765G प्रोसेसर मिलेगा। रिपोर्ट में फोन का कोड नेम Barbet बताया जा रहा है, हालांकि गूगल ने आधिकारिक तौर पर फोन की लॉन्चिंग या नाम के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
कहा जा रहा है कि Google Pixel 5a की डिजाइन Pixel 5 और Pixel 4a 5G जैसी ही होगी। इससे पहले Google Pixel 5a को भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की वेबसाइट पर देखा गया है। ऐसे में फोन की भारत में लॉन्चिंग की अटकलें तेज हो गई हैं।