गूगल ने लॉन्च किया Stadia, बिना डाउनलोड किए खेल सकेंगे वीडियो गेम

गूगल ने अपने डेवलपर्स कॉन्फ्रेंस 2019 में गेम स्ट्रीमिंग सर्विस Stadia लॉन्च कर दिया है। गूगल का स्टेडिया स्मार्टफोन, टैबलेट, टीवी, लैपटॉप और कंप्यूटर पर काम करेगा। साथ ही इसमें यूट्यूब का भी सपोर्ट मिलेगा। साथ ही में डेवलपर्स के पास इस बात का विकल्प होगा कि वे इसमें प्ले बटन जोड़ सकेंगे ताकि यूजर्स यूट्यूब पर वीडियो गेम सीधे तौर पर खेल सकें।
इसमें दो बटन दिए गए हैं जिनकी मदद से आप दोस्तों के साथ भी गेम को शेयर कर सकेंगे। इसमें गूगल के डाटा सेंटर का लिंक दिया गया है ताकि सर्च करने में आसानी हो, हालांकि स्टेडिया के इस्तेमाल के लिए आपको इंटरनेट की जरूरत होगी। यह देखने में काफी हद तक वीडियो गेम कंसोल जैसा है लेकिन यह कंसोल नहीं है। दरअसल गूगल का स्टेडिया क्लाउड गेमिंग का एक उदाहरण है जिस पर ऐप्पल, अमेजन और वेरिजॉन जैसी कंपनियां काम कर रही हैं।
सैंन फ्रांसिस्को में आयोजित गूगल के इस डेवलपर्स कॉन्फ्रेंस में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा, 'जब हमने गूगल क्रोम को लॉन्च किया था, तभी हमने कल्पना कर ली थी कि यह एक आधुनित वेब एप्लिकेशन साबित होगा। हमें इस बात का पूरा भरोसा था कि क्रोम के जरिए हाई-क्वालिटी वीडियो गेम खेला जा सकेगा।' हालांकि उन्होंने इसकी कीमत की जानकारी नहीं दी।