4000mAh की बैटरी के साथ भारत में लांच हुआ कूलपैड नोट 8, कीमत 10,000 से कम

इसी साल मई में कूलपैड नोट 6 को लांच करने के बाद चीन की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी कूलपैड ने भारत में अपना नया स्मार्टफोन कूलपैड नोट 8 लांच कर दिया है। कूलपैड नोट 8 की खासियतों की बात करें तो इस फोन में आपको डुअल रियर कैमरा के साथ 4000 एमएएच की बैटरी मिलेगी। फोन में 5.99 इंच की बड़ी डिस्प्ले भी मिलेगी।
कूलपैड नोट 8 की कीमत और स्पेसिफिकेशन
कूलपैड नोट 8 को भारत में एक ही वेरियंट 4 जीबी रैम व 64 जीबी स्टोरेज के साथ लांच किया गया है। कूलपैड नोट 8 की कीमत 9,999 रुपये है। इस फोन की बिक्री एक्सक्लूसिव तौर पर पेटीएम मॉल से होगी। कूलपैड नोट 8 ब्लैक पियानो फिनिश कलर वेरियंट में मिलेगा।
ये भी पढ़ेंः अब डिलीट नहीं कर पाएंगे WhatsApp पर भेजे गए मैसेज, कंपनी ने लगा दी शर्तें
अब फोन की स्पेसिफिकेशन की बात करें तो इस फोन में एंड्रॉयड ओरियो 8.0 के साथ डुअल सिम सपोर्ट और 5.99 इंच की फुल एचडी डिस्प्ले प्लस मिलेगी जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2160 पिक्सल और आस्पेक्ट रेशियो 18:9 है। कूलपैड नोट 8 में 1.5GHz का मीडियाटेक MTK6750T क्वॉडकोर प्रोसेसर है और ग्राफिक्स के लिए इसमें माली T860-MP2 GPU दिया गया है। इसके अलावा फोन में 4 जीबी रैम के साथ 64 जीबी की स्टोरेज मिलेगी जिसे 128 जीबी तक मेमोरी कार्ड की मदद से बढ़ाया जा सकेगा।
कूलपैड नोट 8 में डुअल रियर कैमरा सेटअप है जिसमें एक कैमरा 16 मेगापिक्सल का है जिसका अपर्चर f/2.0 है और दूसरा कैमरा 0.3 मेगापिक्सल का है। फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है जिसमें फेस ब्यूटी और बैकग्राउंड ब्लर जैसे कई फीचर्स हैं। कूलपैड नोट 8 में 4000mAh की बैटरी है और कनेक्टिविटी के लिए इसमें वाई-फाई, ब्लूटूथ v4.2, 3.5mm ऑडियो जैक, लाइट सेंसर और जीपीएस है। फोन में फेस अनलॉक फीचर भी दिया गया है।