फुल व्यू डिस्प्ले के साथ भारत में लॉन्च हुआ Comio X1, कीमत व फीचर्स

चाइनीज स्मार्टफोन निर्माता कंपनी कोमियो ने भारत में अपना एक और नया स्मार्टफोन कोमियो एक्स1 लॉन्च कर दिया है। कोमियो एक्स1 की डिजाइन हाल ही में लॉन्च हुए रेडमी नोट 5 और ओप्पो रियलमी 1 जैसी है। फोन में फेशियल रिकॉग्निशन के साथ फुल व्यू एचडी प्लस डिस्प्ले दिया गया है। यह फोन रेड हॉट, रॉयल ब्लैक और सनराइज गोल्ड कलर वेरियंट में मिलेगा। इसके अलावा 30 दिन की रिप्लेसमेंट, 1 साल और 100 दिन की वारंटी मिल रही है। साथ ही 12 महीने से कम पुराने कोमियो के फोन को एक्सचेंज करने पर 40 फीसदी की छूट मिलेगी।
कोमियो एक्स1 की स्पेसिफिकेशन
फोन के फीचर्स की बात करें तो इसमें डु्अल सिम सपोर्ट, एंड्रॉयड ओरियो और 5.5 इंच की एचडी डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 720x1440 पिक्सल है। फोन में फुल व्यू डिस्प्ले है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 18:9 है। कोमियो एक्स1 में क्वॉडकोर मीडियाटेक MT6739 प्रोसेसर, 2 जीबी रैम और 16 जीबी स्टोरेज है जिसे 128 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा।
फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलेगा। दोनों कैमरे के साथ फ्लैश लाइट मिलेगी। कैमरे के साथ पोट्रेट, बोकेह, स्माइल गैस्चर, फेस क्यूट और फेस एज जैसे फीचर्स मिलेंगे। फेशियल रिकॉग्निशन भी मिलेगा। कनेक्टिविटी के लिए फोन में 4जी वीओएलटीई, वाई-फाई, ब्लूटूथ 4.0, एफएम रेडियो, 3.5एमएम का हेडफोन जैक, यूएसबी और फिंगरप्रिंट सेंसर मिलेगा। फोन का वजन 127 ग्राम है।
फोन की कीमत 7,499 रुपये है और इसकी बिक्री सभी प्रमुख ऑनलाइन स्टोर से होगी। फोन के साथ जियो की ओर से 2,200 रुपये का कैशबैक मिलेगा और आइडिया की ओर से अतिरिक्त डाटा मिलेगा।