आज रात भारत में लॉन्च होगा यह धांसू स्मार्टफोन, मिलेगी 256 जीबी की स्टोरेज

दुनिया की हर एक मोबाइल निर्माता कंपनी भारत में अपना व्यापार बढ़ाना चाहती है, क्योंकि मोबाइल के लिए भारत सबसे तेजी से उभरता हुआ बाजार है। इसी कड़ी में ई-कॉमर्स साइट फ्लिपकार्ट ने आज यानी 26 जून 2018 को भारत में एक नए स्मार्टफोन की लॉन्चिंग का टीजर जारी किया है, हालांकि फोन की कंपनी या मॉडल का नाम अभी उजागर नहीं हुआ है। साइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक फोन की लॉन्चिंग रात 8.45 बजे होगी और यह एक फ्लैगशिप फोन होगा।
वहीं कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि फ्लिपकार्ट पर आज आसुस का जेनफोन 5जेड स्मार्टफोन लॉन्च होगा। बता दें कि इसी साल अप्रैल में ताइवान की कंपनी आसुस ने फ्लिपकार्ट के साथ पार्टनरशिप की घोषणा की थी।
अगर वास्तव में आसुस का जेनफोन 5जेड आज भारत में लॉन्च हो रहा है तो यह फोन हॉनर 10 और वनप्लस 6 को मजबूती से टक्कर देगा। उम्मीद की जा रही है कि आसुस के इस फोन की कीमत 30,000 रुपये के करीब होगी।
आसुस जेनफोन 5जेड की स्पेसिफिकेशन
अगर आपको याद हो तो आसुस ने जेनफोन 5जेड को पहली बार इसी साल मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में पेश किया था। फोन में 6.2 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 19:9 है।
इसके अलावा फोन में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर, 8 जीबी रैम और 256 जीबी की स्टोरेज है। फोन में डुअल रियर कैमरा ( 12+8 मेगापिक्सल) सेटअप है। वहीं फ्रंट में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। फोन में एंड्रॉयड ओरियो 8.1 मिलेगा और 3300mAh की बैटरी मिलेगी।