अगले महीने भारत आ रहा है 4G LTE सपोर्ट वाला Apple Watch Series 3, जियो-एयरटेल बने पार्टनर

एप्पल वॉच सीरीज 3 का इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। एप्पल का जीपीएस और सेलुलर वेरियंट Apple Watch Series 3 अगले महीने भारत में आ रहा है। भारत में एप्पल वॉच सीरीज 3 के पार्टनर्स रिलायंस जियो और एयरटेल बने हैं। बता दें कि पिछले साल सितंबर में एप्पल वॉच सीरीज को आईफोन 8, आईफोन 8 प्लस और आईफोन x के साथ लॉन्च किया गया था।
इस पार्टनरशिप के तहत 4 मई से वॉच को Jio.com, रिलायंस डिजिटल, जियो रिटेल स्टोर और एयरटेल की वेबसाइट से से प्री-ऑर्डर किया जा सकेगा। वहीं इन सभी स्टोर्स से 11 मई से एपप्ल वॉच सीरीज 3 खरीदा जा सकेगा। साथ ही जियो एक दिन में डिलीवरी देगा। दोनों कंपनियों के ग्राहकों को एप्पल वॉच के लिए अलग से कोई रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं होगी। एक ही टैरिफ प्लान वॉच और फोन में काम करेंगे।
गौरतलब इससे पहले एप्पल वॉच सीरीज 3 का सिर्फ GPS वाला वेरियंट भारत में उपलब्ध था। हालांकि GPS+ सेलुलर वेरियंट की कीमत का अभी खुलासा नहीं हुआ है लेकिन बताया जा रहा है कि इसकी कीमत 32,380 रुपये के आसपास हो सकती है। एक बात गौर करने वाली है कि एप्पल वॉच सीरीज 3, 4जी और एलटीई नेटवर्क को ही सपोर्ट करेगा। ऐसे में 2जी नेटवर्क वाले यूजर्स इसे यूज नहीं कर पाएंगे।
Apple Watch Series 3 के GPS + सेलुलर वेरियंट में eSIM इनबिल्ट होगा जिसकी मदद से आप 4जी कॉलिंग भी कर सकेंगे और इंटरनेट भी चला सकेंगे। यह वॉच पूरी तरह से वाटरप्रूफ है। इसके अलावा इसमें सीरी का सपोर्ट भी दिया गया है।