एक iPhone X खरीदने पर रिटेलर की होती है कितनी कमाई, जान लीजिए

एप्पल का आईफोन iPhone X कंपनी का सबसे महंगा स्मार्टफोन है। इसके 128 जीबी वैरिएंट की कीमत 1 लाख रुपए से भी ऊपर जाती है। भारत में इस फोन को खरीदने की होड़ सी मची हुई है। डिमांड ज्यादा और सप्लाई कम है। लेकिन क्या आपको पता है कि आपके आईफोन खरीदने से रिटेलर्स को कितना हिस्सा मिलता है।
दरअसल एप्पल ने हाल ही में अपने रिटेलर्स को झटका देते हुए आईफोन एक्स पर मिलने वाली मार्जिन को करीब 30 फीसदी तक घटा दिया है। इस फैसले से परेशान रिटेलर्स का कहना है कि कंपनी खुद इस फोन पर बड़ी रकम कमा रही है और नहीं चाहती कि रिटेलर्स को भी फायदा हो। इकॉनमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बंगलूरू स्थित एक मोबाइल स्टोर चेन ने तो इस वजह से आईफोन एक्स के ऑर्डर लेने ही बंद कर दिए।
रिपोर्ट के मुताबिक, बड़े रिटेलर्स के लिए iPhone X के मार्जिन को 6.5 फीसदी से घटाकर 4.5 फीसदी कर दिया गया है और अगर ग्राहक कार्ड से पेमेंट करता है तो मार्जिन 1.5-2 फीसदी और घट जाता है। एप्पल ने हालांकि इसपर किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं दी है। इंडस्ट्री के लोगों का कहना है कि सैमसंग और शाओमी जैसे ब्रांड एप्पल के मुकाबले दो गुना करीब 12-15 फीसदी मार्जिन देते हैं। इसके अलावा ओप्पो और वीवो भी इस मामले में पीछे नहीं है।