iPhone 18 Pro में मिल सकता है नया कलर ऑप्शन: 'डीप रेड' रंग में आ सकता है फोन, जानें क्या होगा खास
Apple अपने अगले फ्लैगशिप iPhone 18 Pro मॉडल को नए ‘Deep Red’ कलर में पेश कर सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी डिजाइन, कैमरा और चिपसेट में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। वहीं फोल्डेबल iPhone सीमित रंग विकल्पों के साथ आ सकता है।

विस्तार
अमेरिकी स्मार्टफोन निर्माता एपल ने पहली बार iPhone 17 Pro और iPhone 17 Pro Max के साथ कॉस्मिक ऑरेंज रंग को इंट्रोड्यूस किया था। अब कंपनी अपकमिंग iPhone 18 Pro और Pro Max के साथ एक नए रंग को पेश कर सकती है। 9To5Mac की रिपोर्ट के मुताबिक, एपल अपने iPhone 18 Pro और Pro Max मॉडल को नए 'डीप रेड' रंग में लॉन्च कर सकती है।
दरअसल, iPhone 17 Pro से एपल ने टाइटेनियम की जगह ऑल-एल्यूमिनियम यूनिबॉडी डिजाइन अपनाया है। इससे कंपनी को रंगों के साथ ज्यादा लचीलापन मिला है। संभावना है कि iPhone 17 Pro में दिया गया कॉस्मिक ऑरेंज कलर को आगे आने वाले आईफोन के लिए बरकरार रखा जाए और उसके साथ डीप रेड वेरिएंट को भी जोड़ा जाए।
हालांकि, एपल का पहला फोल्डेबल iPhone ऐसे आकर्षक रंगों में नहीं आएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, सीमित कलर विकल्प रखने से मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया आसान होगी, क्योंकि यह कंपनी का पहला फोल्डेबल डिवाइस होगा।
फ्रंट में मिल सकता है नया लुक
एपल के जाने-माने विश्लेषक जेफ पु के अनुसार, iPhone 18 Pro और Pro Max के डिजाइन में एक बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है। कंपनी इसके चर्चित 'डायनेमिक आइलैंड' के साइज को कम करने पर काम कर रही है। इसके लिए फेस आईडी से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण तकनीकों को स्क्रीन के नीचे शिफ्ट किया जाएगा। इससे यूजर्स को स्क्रीन पर ज्यादा जगह मिलेगी और डिस्प्ले पहले से कहीं ज्यादा साफ और आकर्षक नजर आएगा।
सबसे पावरफुल A20 प्रो चिप से होगा लैस
परफॉरमेंस के मामले में आईफोन हमेशा से आगे रहा है, लेकिन iPhone 18 Pro सीरीज एक नई मिसाल कायम कर सकती है। इसमें A20 प्रो चिपसेट का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसे दुनिया की सबसे एडवांस 2-नैनोमीटर तकनीक से तैयार किया जा रहा है। सरल शब्दों में कहें तो यह चिप न केवल फोन को सुपरफास्ट बनाएगी, बल्कि गेमिंग और मल्टीटास्किंग के दौरान बैटरी की खपत को भी बहुत कम कर देगी।
फोन में मिलेगी सैटेलाइट कनेक्टिविटी
नेटवर्किंग के क्षेत्र में एपल एक रिवोलुशनरी कदम उठाने जा रहा है। लीक रिपोर्ट बताती है कि इन हैंडसेट्स में एपल का अपना C2 मॉडम और N2 चिप होगी। इसमें 'एनआर-एनटीएन' (NR-NTN) तकनीक का सपोर्ट मिलेगा, जिसकी मदद से फोन सीधे अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट्स से जुड़ सकेगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि जहां मोबाइल टावर नहीं होंगे, वहां भी आप इंटरनेट का इस्तेमाल कर पाएंगे। साथ ही, भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी यह मॉडम बेहतरीन सिग्नल पकड़ सकेगा।
कैमरा में मिलेगा वेरिएबल अपर्चर
फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए iPhone 18 Pro सीरीज किसी तोहफे से कम नहीं होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, इसके 48-मेगापिक्सल प्राइमरी कैमरे में पहली बार 'वेरिएबल अपर्चर' (Variable Aperture) लेंस दिया जा सकता है। इसका मतलब है कि कैमरा खुद यह तय कर पाएगा कि कितनी रोशनी सेंसर के अंदर जानी चाहिए। इससे कम रोशनी में शानदार फोटो और प्रोफेशनल पोर्ट्रेट (Bokeh) क्लिक करना बहुत आसान हो जाएगा। एपल के इतिहास में पहली बार यह तकनीक किसी आईफोन में आने वाली है।
कब लॉन्च होगा iPhone 18 Pro?
हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुई है, लेकिन यदि ये सभी अपग्रेड सच साबित होते हैं, तो iPhone 18 Pro सीरीज पिछले मॉडल्स की तुलना में काफी बड़ा बदलाव साबित हो सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, एपल सितंबर में iPhone 18 लाइनअप लॉन्च कर सकता है, लेकिन शुरुआत में केवल Pro मॉडल्स को उतारे जाने की संभावना है।
- Upcoming Smartphones: Samsung Galaxy S26 Series से लेकर iQOO 15R तक, इस हफ्ते लॉन्च होंगे 4 दमदार स्मार्टफोन्स
- Google Pixel 10a vs Vivo V70: 50,000 रुपये में कौन सा स्मार्टफोन है ज्यादा दमदार?
- Lift: लोहे का डिब्बा या सिग्नल का दुश्मन? जानें लिफ्ट में घुसते ही क्यों डेड हो जाता है मोबाइल नेटवर्क
- Foldable Phones: बड़ी स्क्रीन वाले फोल्डेबल फोन का बढ़ेगा दबदबा, 2026 में 65% बाजार हिस्सेदारी का अनुमान