Apple को ब्राजील में होना पड़ा मजबूर, iPhone के साथ बॉक्स में देना होगा चार्जर

Apple ने आईफोन 12 सीरीज के साथ बॉक्स में चार्जर और ईयरफोन नहीं देने का फैसला लिया है, लेकिन यह फैसला अब कंपनी के गले की हड्डी बनने जा रहा है। एपल अब नए iPhone के साथ सिर्फ एक लाइटनिंग केबल दे रहा है जो कि टाईप-सी है। ऐसे में इस केबल का इस्तेमाल भी सभी तरह के चार्जर (एडाप्टर) के साथ नहीं किया जा सकता है।
एपल का आईफोन के साथ चार्जर नहीं देने का फैसला फ्रांस को छोड़कर सभी देशों में प्रभावी है लेकिन अब ब्राजील में एपल को फोन के साथ चार्जर देने पर मजबूर होना पड़ रहा है। ब्राजील के Sao Paulo राज्य सरकार ने एपल को नए आईफोन के साथ चार्जर देने का आदेश दिया है। ऐसे में अब एपल का फ्रांस के अलावा ब्राजील में भी पहले की तरह ही आईफोन को चार्जर के साथ बेचना होगा। इसकी पुष्टि Sao Paulo की कंज्यूमर प्रोटेक्शन एजेंसी Procon-SP ने की है।
अक्तूबर में एजेंसी ने भेजा था कारण बताओ नोटिस
इसी एजेंसी ने अक्तूबर में एपल से पूछा था कि उसने आईफोन के साथ ईयरफोन और चार्जर देना बंद क्यों किया है। एजेंसी ने कहा है कि चार्जर किसी भी इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट के साथ मिलने वाला अहम हिस्सा है और इसके बिना किसी प्रोडक्ट को बेचना उचित नहीं है। एजेंसी ने यह भी कहा है कि एपल ने अभी तक ऐसा कोई प्रमाण नहीं दिया है जिससे साबित हो कि उसका यह फैसला पर्यावरण के हित में है।
बता दें कि एपल ने दलील दी है कि कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए उसने चार्जर नहीं देने का फैसला लिया है। एपल का कहना है कि लोगों के पास पहले से ही चार्जर हैं जिनसे वे नए आईफोन को चार्ज कर सकते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि नए आईफोन के साथ मिलने वाला केबल पुराने चार्जर को सपोर्ट नहीं कर रहा है।