दिल्ली को स्वच्छ बनाने में आप भी निभा सकेंगे अहम जिम्मेदारी, Green Delhi App से बताएं कहां है प्रदूषण

Harendra Chaudhary
डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्लीHarendra Chaudhary
Thu, 29 Oct 2020 02:14 PM IST
सार

दिल्ली सरकार ने गुरुवार को Green Delhi App सेवा शुरू की। इसके माध्यम से कहीं भी प्रदूषण होते पाए जाने पर नागरिक शिकायत दर्ज करवा सकेंगे...

Download Green Delhi app in your smartphone and complain about pollution to delhi government
Green Delhi app - फोटो : ANI

    विस्तार

    दिल्ली में प्रदूषण जानलेवा हो चुका है। लेकिन अब दिल्ली के प्रदूषण को कम करने में आप भी भागीदारी निभा सकेंगे। इसके लिए आपको स्मार्टफोन में ग्रीन दिल्ली एप (Green Delhi App) डाउनलोड करनी होगा और कहीं भी प्रदूषण होते देखने पर इसके माध्यम से शिकायत दर्ज करानी होगी। आपकी शिकायत दर्ज होते ही संबंधित एजेंसियां प्रदूषण को खत्म करने के उपाय करेंगी। आपको भी एप के माध्यम से यह जानकारी मिलती रहेगी कि आपकी शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है। अभी यह सेवा केवल एंड्रॉयड स्मार्टफोंस पर ही उपलब्ध है। जल्दी ही यह एप अन्य प्लेटफॉर्म्स के लिए भी उपलब्ध होगी।

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को इस एप को लांच किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली वालों के सहयोग से राजधानी में प्रदूषण कम करने के उपाय किए गए हैं जो काफी हद तक सफल भी रहे हैं। पिछले वर्ष लगभग एक चौथाई प्रदूषण को कम करने में सफलता मिली थी, अब जनता के सहयोग से प्रदूषण को और कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

    कैसे करेंगे शिकायत

    एप को डाउनलोड करने के बाद उपभोक्ता को अपने फोन नंबर और ईमेल के जरिए रजिस्ट्रेशन करना होगा। फोन की लोकेशन के हिसाब से एजेंसियां यह जान सकेंगी कि आप किस एरिया में खड़े होकर शिकायत दर्ज करा रहे हैं। फोन में एक (+) का चिन्ह बना हुआ है। इस पर क्लिक कर आप अपनी शिकायत फोटो, वीडियो या ऑडियो के माध्यम से दर्ज करा सकेंगे।

    इन शिकायतों पर दिल्ली सचिवालय में बने ग्रीन वॉर रूम से नजर रखी जाएगी। सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर इस पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। हर प्रकार की शिकायत के निवारण के लिए समय निर्धारित किया गया है। आप एप पर ही देख सकेंगे कि आपकी शिकायत का समाधान हो गया है या नहीं। संबंधित एजेंसी भी शिकायत का समाधान करने के बाद फोटो डालकर शिकायत हल करने की जानकारी देगी। शिकायत के हल से असंतुष्ट होने पर आप शिकायत को दोबारा दर्ज करा सकेंगे।

    एप पर किसी वाहन से ज्यादा धुआं निकलने, कहीं आग लगाये जाने, किसी भवन के निर्माण के समय धूल कणों के उचित समाधान की व्यवस्था न होने, सड़कों पर कूड़ा-करकट जमा होने और किसी भी स्थान पर प्रदूषण किए जाने की शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। एप के माध्यम से लोगों को अपने इलाके की वायु गुणवत्ता की भी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे किसी एरिया में गंभीर प्रदूषण होने पर उस जगह पर निकलने से बचा जा सकेगा।

    मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह भी बताया कि दिल्ली में बिजली उत्पादन के कुछ केंद्रों को बंद कर वायु प्रदूषण को कम करने की कोशिश की गई है। औद्योगिक इकाइयों में प्रदूषणकारी ईंधनों की जगह स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा दिया गया है। इसी प्रकार लाल बत्ती पर इंजन को बंद करने, ई-बसों को चलाने, कूड़े-कचरे से स्वच्छ बिजली बनाने और जगह-जगह पर हरे पौधे लगाने से राजधानी में प्रदूषण कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।