अमेजन एलेक्सा हुआ अब और स्मार्ट, कैब से लेकर रेस्टोरेंट तक की कर सकता है बुकिंग

प्रदीप पांडे
टेक डेस्क, अमर उजालाप्रदीप पांडे
Fri, 07 Jun 2019 10:54 AM IST
Amazon Alexa Can now book restaurants, cab and film ticket
amazon alexa - फोटो : Amazon

    वर्चुअल असिस्टेंट से आप वाकिफ तो होंगे ही और यदि नहीं हैं तो चलिए हम आपको बता देते हैं। वर्चुअल असिस्टेंट एक आभासी असिस्टेंट है जो आपको नजर तो नहीं आएगा, लेकिन आपके इशारे पर सारे काम जरूर करेगा। वर्चुअल या डिजिटल असिस्टेंट के उदाहरण के तौर पर आप अमेजन एलेक्सा, गूगल असिस्टेंट और एपल सिरी को ले सकते हैं।

    कुछ साल पहले तक बाजार में ब्लूटूथ स्पीकर का दबदबा था लेकिन अब स्मार्ट स्पीकर आने लगे हैं। इन स्मार्ट स्पीकर्स में गूगल, एपल सिरी और अमेजन एलेक्सा असिस्टेंट का सपोर्ट दिया जा रहा है। अभी तक ये वर्चुअल असिस्टेंट वॉयस कमांड पर गाना प्ले कर रहे थे लेकिन अब ये इतने स्मार्ट हो गए हैं कि आपकी कमांड पर होटल की बुकिंग भी कर सकते हैं और आपके लिए खरीदारी कर सकते हैं।

    अब दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने अपने डिजिटल असिस्टेंट एलेक्सा को और भी स्मार्ट बना दिया है। अमेजन एलेक्सा अब आपकी वॉयस कमांड से विकेंड पर आपके लिए शाम की पूरी तैयारी कर सकता है। हालांकि एलेक्सा के लिए अभी इसका अपडेट जारी नहीं किया गया है लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही इसका अपडेट कंपनी जारी करेगी। अमेजन एलेक्सा की इस योग्यता के बारे में जानकारी अमेरिका के लास वेगास में तल रही है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कॉन्फ्रेंस में मिली। वहीं खबर यह भी है कि एलेक्सा भारतीय यूजर्स के लिए हिन्दी भी सीख रहा है। ऐसे में अमेजन को भारतीय स्मार्ट स्पीकर बाजार में अपनी पकड़ बनाने में मदद मिलेगी।

    येभी पढ़ेंः ऑनलाइन शॉपिंग: ठगी से बचना है तो इन 5 बातों को गांठ बांध लें, नहीं होगी आपके साथ धोखाधड़ी

    कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेजन ने एलेक्सा का एक प्रजेंटेशन भी दिया जिसमें एलेक्सा से फिल्म का टिकट बुक करने को कहा गया। इसके बाद एलेक्सा ने यूजर से पूछा कि क्या वह सिनेमा हॉल के पास किसी रेस्टोरेंट में खाना भी खाएंगे। इसके बाद यूजर ने हां में जवाब दिया तो एलेक्सा ने रेस्टोरेंट में खाने का टेबल बुक कर दिया और फिर पूछा कि क्या आप रेस्टोरेंट तक जाने के लिए टैक्सी इस्तेमाल करेंगे। इसके जवाब में हां मिलने पर एलेक्सा ने उबर का कैब बुक कर दिया। ऐसे में यहां देखा जा सकता है कि एलेक्सा ना सिर्फ आपको जवाब दे रहा है, बल्कि सुझाव भी देने लगा है। यह सब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का ही कमाल है।

    और पढ़ें...