जरूरत की खबर: आगामी चुनाव के मद्देनजर ट्विटर ने किया बड़ा ऐलान, जानिए इस खास सर्विस के बारे में सबकुछ

अपने विचार प्रकट करने अक्सर लोग ट्विटर पर पहुंच जाते हैं। वहीं भारत में ज्यादातर लोग राजनीति को लेकर अपने-अपने विचार ट्विटर पर ही साझा करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्विटर ने भी अपने यूजर्स और आम नागरिकों को सहायता देने के लिए एक फैसला किया है। दरअसल, 10 फरवरी से देश में कुल 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने को हैं। ऐसे में ट्विटर ने गुरुवार को वोट डालने से पहले नागरिकों को सही ज्ञान के साथ सशक्म करने के लिए कई पहलों की घोषणा की है। एक बयान में ट्विटर ने कहा है कि चुनाव के वक्त लोग विश्वसनीय जानकारी खोजने, उम्मीदवारों व उनके घोषणापत्रों के की जानकारी लेने और नागरिक चर्चा एवं बातचीत में शामिल होने के लिए ट्विटर पर आते हैं। एक सेवा के रूप में सार्वजनिक बातचीत के लिए ट्विटर, लोगों को नागरिक अधिकारों के तहत सही निर्णय लेने में सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

ट्विटर के कदम केवल उच्च मतदान सुनिश्चित करने तक ही केंद्रित नहीं बल्कि यह सुनिश्चित करने तक है कि मतदाता पूरे चुनाव चक्र में शामिल हों और इस दौरान उनके पास पूरी और सही जानकारी हो। इतना ही नहीं ट्विटर मतदाताओं की मदद के लिए एक खास इमोजी भी शुरू करने जा रहा है।

इसके अलावा ट्विटर ने कहा है, कि एक मतदाता क्विज के जरिए लोगों को चुनाव से जुड़े जरूरी तथ्यों से अवगत कराया जाएगा। विधानसभा चुनावों के लिए विश्वसनीय और आधिकारिक जानकारी के लिए ट्विटर ने भारत निर्वाचन आयोग व मुख्य चुनाव अधिकारियों के साथ एक ‘सर्च प्रॉम्प्ट’ भी शुरू किया है।