Air Purifier: बेडरूम के लिए कितने CADR वाला एयर प्यूरीफायर होगा सही? जान लीजिए पता करने का सबसे बेस्ट तरीका
How To Choose Air Purifier:
शहरों में बढ़ते प्रदूषण के साथ एयर प्यूरीफायर अब लग्जरी नहीं बल्कि जरूरत बन गए हैं। लेकिन सही प्यूरीफायर का चुनाव कमरे के साइज, CADR रेटिंग और फिल्टर क्वालिटी पर निर्भर करता है। यहां हम आपको डिटेल में बताएंगे कि आपको एक सही एयर प्यूरीफायर कैसे चुनना चाहिए।

सर्दियां के दस्तक देते ही Delhi-NCR समेत देश के कई बड़े शहरों में वायु प्रदूषण (Air Pollution) रिकॉर्ड तोड़ने लगा है। जहरीली हवा से बचने के लिए लोग अपने घरों में एयर प्यूरीफायर लगा रहे हैं। मार्केट में कई वेरिएंट के एयर प्यूरीफायर मौजूद हैं, लेकिन कई लोग इस बात को लेकर कन्फ्यूज हैं कि कमरे के लिए कौन का एयर प्यूरीफायर खरीदें। क्या आप जानते हैं कि हर कमरे के लिए एक जैसा एयर प्यूरीफायर सही नहीं होता? अगर आप भी एयर प्यूरीफायर लेने जा रहे हैं, तो खरीदने से पहले जान ले कि कमरे के साइज के अनुसार कैसा एयर प्यूरीफायर खरीदना फायदेमंद होगा, बिजली बिल कितना आएगा और उसके मेंटेनेंस में कितना खर्च होगा। तो चलिए जानते हैं...

एयर प्यूरीफायर का CADR जरूर देखें
हर एयर प्यूरीफायर की क्षमता उसके CADR (Clean Air Delivery Rate) रेटिंग पर निर्भर करती है। CADR रेटिंग जितना ज्यादा होगा, उतनी जल्दी वह कमरे की हवा को साफ करेगा। CADR दर्शाता है कि प्यूरीफायर प्रति मिनट कितनी फिल्टर की गई हवा प्रदान कर सकता है। इससे पता चलता है कि एक एयर प्यूरीफायर कितनी जल्दी हवा से धूल, परागकण और धुएं जैसे कणों को हटाता है। बड़े कमरों के लिए ज्यादा CADR वाला प्यूरीफायर खरीदने की सलाह दी जाती है। यह रेटिंग एसोसिएशन ऑफ होम अप्लायंस मैन्युफैक्चरर्स (AHAM) द्वारा निर्धारित की जाती है और स्वतंत्र प्रयोगशालाओं द्वारा प्रमाणित होती है ताकि उपभोक्ताओं को एयर प्यूरीफायर के प्रदर्शन का आश्वासन मिल सके।

कमरे के अनुसार कैसा एयर प्यूरीफायर जरूरी?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक एयर प्यूरीफायर का CADR रेटिंग कमरे के क्षेत्रफल का कम से कम दो-तिहाई होना चाहिए। इसे ऐसे समझें कि यदि कमरे का क्षेत्रफल (Area) 200 वर्ग फीट है, तो आपको कम से कम 150-200 CADR वाला मॉडल चुनना चाहिए। बेडरूम या लिविंग रूम के लिए 150-200 CADR रेटिंग वाला एयर प्यूरीफायर खरीदा जा सकता है। यदि कमरे का साइज बड़ा है तो 200 CADR से अधिक रेटिंग वाला एयर प्यूरीफायर खरीदें। एयर प्यूरीफायर 24x7 चलाया जा सकता है, इसलिए कम शोर करने वाला एयर प्यूरीफायर खरीदना बेहतर होगा। ये 35 से 70 डेसिबल तक शोर पैदा कर सकते हैं। ध्यान रहे की प्यूरीफायर का नॉइज लेवल 55dB से अधिक न हो।