काम की बात: होली में भीग गया स्मार्टफोन तो तुरंत करें यह काम, कुछ नहीं होगा

हर बार की तरह इस साल भी पूरे देश में होली धूम-धाम से मनाई जाएगी। होली रंगों का त्योहार तो है ही, लेकिन सोशल मीडिया के इस दौर में होली की तस्वीरों का भी अपना अलग ही क्रेज है। होली के रंग में स्मार्टफोन के भीगने का काफी डर रहता है। कई बार होली में फोटोग्राफी करते समय फोन पर रंग भी पड़ जाते हैं, क्योंकि आप किसी को अपने ऊपर रंग फेंकने से शायद ही मना कर पाएंगे। कई बार हमारी लापरवाही की वजह से होली में फोन खराब हो जाते हैं लेकिन यदि आप कुछ सावधानी बरत लें तो आपको कोई टेंशन लेने की जरूरत ही नहीं होगी। आइए जानते हैं कि अगर आपका स्मार्टफोन होली के रंग या पानी में भीग जाए तो फिर आपको क्या करना चाहिए और किस तरह फोन को बचाना चाहिए।

यदि आपका फोन किसी भी तरीके से भीग गया तो बिना कुछ सोचे-समझे उसे ऑफ कर दें। गलती से भी उसे ऑन ना करें और ना ही किसी बटन को दबाएं, क्योंकि फोन के अंदर पानी जाने के बाद सबसे अधिक खतरा शॉर्ट सर्किट का होता है। फोन को ऑफ करने के बाद सिम कार्ड और मेमोरी कार्ड को निकाल लें। अब फोन को पंखे के नीचे या फिर हेयर ड्रायर (ब्लोअर) से सुखाएं। ध्यान रहे कि फोन हेयर ड्रायर से दूर ही रहे।

फोन के बाहरी हिस्से में दिख रहे पानी को साफ कपड़े या पेपर नैप्किन से पोछें। अगर हेयर ड्रायर नहीं है तो फोन को सूखे चावल में रख दें, लेकिन ख्याल रहे कि हेडफोन जैक या सिम कार्ड ट्रे में चावल ना चला जाए। फोन को कम से कम 24 घंटों तक सूखने के लिए छोड़ दें।