जानलेवा हादसे: दिल्ली-NCR के घरों में क्यों लग रही है बार-बार आग? सिर्फ AC ही नहीं हैं 'विलेन'!
Delhi NCR Fire Incidents:
दिल्ली और आसपास के इलाकों में लगातार आग की घटनाओं ने हम सभी को डरा दिया है। नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में ऐसे कई मामले सामने आए जिसकी वजह से कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। लेकिन क्या केवल AC ही इन घरों में लग रही आग का जिम्मेदार है? आइए जानते हैं इस लेख के माध्यम से...

भीषण गर्मी के चलते दिल्ली NCR और आसपास के इलाकों में लगातार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसी ही एक घटना में शुक्रवार सुबह नोएडा की एक हाईराइज बिल्डिंग के फ्लैट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते यह आग पड़ोसी फ्लैट्स तक फैल गई। यह कोई इकलौती घटना नहीं है। पिछले एक महीने में दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं। हाल ही में दिल्ली के विवेक विहार में हुए ऐसे ही एक हादसे में 9 लोगों की जान चली गई थी।
गर्मी में अक्सर जब हम सुनते हैं कि कहीं आग लग गई है तो उसका जिम्मेदार एसी या शॉर्ट सर्किट को देते हैं। लेकिन हमेशा ऐसा नहीं होता, कई बार एसी और शॉर्ट सर्किट के अलावा भी आग लगने के कई कारक होते हैं जिन पर हमारा ध्यान नहीं जाता। आइए समझते हैं कि किन गैजेट्स से आग लगने का खतरा सबसे ज्यादा होता है।

1. एयर कंडीशनर (AC) का ओवरहीट होना
गर्मियों में घरों में आग लगने का सबसे बड़ा कारण AC है। विवेक विहार की घटना में भी आग AC से ही शुरू हुई थी।
कारण:
भीषण गर्मी में AC को बिना ब्रेक दिए लगातार कई घंटों तक चलाना।
क्या होता है:
लगातार चलने से मशीन ओवरहीट हो जाती है। इसके बाद वायरिंग गर्म होकर पिघलने लगती है और उसमें शॉर्ट सर्किट से आग लग जाती है। यह आग कमरों के पर्दों और फर्नीचर के जरिए पूरे घर में फैल जाती है।

2. पुराने पंखों की मोटर गर्म होना
सिर्फ AC ही नहीं, साधारण पंखे भी खतरे का कारण बन सकते हैं।
कारण:
सीलिंग फैन या टेबल फैन को बिना बंद किए दिन-रात लगातार चलाना।
क्या होता है:
पुराने पंखों की मोटर जल्दी गर्म हो जाती है और उसमें आग लगने का खतरा रहता है। हालांकि, आजकल बाजार में मौजूद नए BLDC (ब्रशलेस DC) मोटर वाले पंखे ज्यादा सुरक्षित होते हैं और लंबे समय तक इस्तेमाल किए जा सकते हैं।