काम की बात: इस आसान तरीके से स्मार्टफोन को बनाएं सीसीटीवी, 24 घंटे होगी घर की निगरानी

आमतौर पर लोग अपने घर, ऑफिस या पर्सनल प्रॉपर्टी की देखभाल के लिए सीसीटीवी लगवाते हैं, जो 24 घंटे निगरानी में तैनात रहता है। अगर आपके घर के आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि को आप सीसीटीवी के माध्यम से आसानी से देख सकते हैं। यहां तक कि लोग अगर घर से बाहर भी रहते हैं तो सीसीटीवी के माध्यम से अपने घर की निगरानी करते रहते हैं। लेकिन अगर मान लीजिए कि आपके पास सीसीटीवी कैमरा नहीं है, तो आखिर कैसे घर की निगरानी की जा सकती है? दरअसल, अक्सर कई लोग घर के बाहर रहते हैं और ऐसे में घर की निगरानी की चिंता सताती रहती है, तो आप इस काम के लिए कुछ एप की मदद ले सकते हैं और मोबाइल के जरिये ही घर की 24 घंटे निगरानी कर सकते हैं।आइए जानते हैं इनके बारे में...

अगर आपको लगता है कि सीसीटीवी कैमरा घर में लगवाने के लिए ज्यादा खर्च करना पड़ेगा, तो ऐसे में आप अपने किसी पुराने स्मार्टफोन की मदद ले सकते हैं, लेकिन उसका कैमरा सही होना चाहिए और साथ ही पुराने फोन को सीसीटीवी कैमरा बनाने के लिए उसमें वाई-फाई का होना भी जरूरी है। इस काम में मैनीथिंग (Manything) नाम का एप आपकी मदद कर सकता है। आपके घर में कुछ भी अजीब दिखने पर यह एप आपको अलर्ट भी भेजता है और सबसे खास बात कि यह एप बिल्कुल मुफ्त है।

Ava-24/7 Accessibility नाम का एप भी आपके घर में सीसीटीवी का काम कर सकता है। हालांकि यह एप उनके लिए बहुत उपयोगी है, जिन्हें सुनने में परेशानी होती है। यह एप सामने वाले व्यक्ति की बातों को सुनकर उसे स्क्रीन पर दिखाता है, यानी यह किसी व्यक्ति द्वारा बोली गई बात को टेक्स्ट संस्करण में भी दिखा सकता है।