अब लिंक शेयर करने की झंझट खत्म: YouTube एप में ही कर सकेंगे चैट, वापस आ रहा है डायरेक्ट मैसेजिंग (DM) फीचर
YouTube DM Feature:
यूट्यूब एक बार फिर अपने प्लेटफॉर्म पर डायरेक्ट मैसेजिंग (DM) फीचर वापस लाने की तैयारी कर रहा है। यह वही फीचर है जिसे कंपनी ने 2019 में बंद कर दिया था। नए अपडेट के तहत यूजर्स सीधे यूट्यूब एप के अंदर वीडियो शेयर कर सकेंगे, दोस्तों से चैट कर सकेंगे और ग्रुप बातचीत भी कर पाएंगे।

दुनिया का सबसे बड़ा वीडियो प्लेटफॉर्म यूट्यूब अब सिर्फ वीडियो देखने तक सीमित नहीं रहेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी एक ऐसा शानदार फीचर वापस ला रही है, जिससे आप वीडियो देखने के साथ-साथ अपने दोस्तों से चैट भी कर सकेंगे। जी हां, यूट्यूब अपना डायरेक्ट मैसेजिंग (DM) फीचर फिर से शुरू करने जा रहा है।

2019 में बंद कर दिया था ये फीचर
आपको जानकर हैरानी होगी कि यूट्यूब पर मैसेज करने का यह फीचर बिल्कुल नया नहीं है। कंपनी ने इसे वर्षों पहले शुरू किया था, लेकिन 2019 में इसे हटा लिया गया था। उस वक्त यूट्यूब को लगता था कि लोग वीडियो शेयर करने के लिए व्हाट्सएप और दूसरे प्लेटफॉर्म्स का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं। इसलिए, इन-एप मैसेजिंग का कोई खास फायदा नहीं हो रहा था। लेकिन, अब कहानी पूरी तरह बदल चुकी है।

आखिर क्यों वापस आ रहा है यूट्यूब DM?
आज के समय में इंटरनेट का नियम है- "यूजर को अपने एप में रोककर रखो।" इंस्टाग्राम, फेसबुक और स्नैपचैट जैसे एप्स पहले से ही मैसेजिंग पर भारी फोकस कर रहे हैं। यूट्यूब भी अब इस रेस में पीछे नहीं रहना चाहता। कंपनी की कोशिश है कि वीडियो देखने, उस पर चर्चा करने और शेयर करने के लिए आपको यूट्यूब से बाहर जाने की जरूरत ही न पड़े।