CPU, GPU और NPU: आपके फोन-कंप्यूटर की असली ताकत हैं ये तीन प्रोसेसर, जानिए क्या है इनका काम
अगर आप यह जानना चाहते हैं कि किसी भी स्मार्टफोन या कंप्यूटर की असली परफॉर्मेंस किन चीजों पर निर्भर करती है, तो CPU, GPU और NPU को समझना बेहद जरूरी है। ये तीनों प्रोसेसिंग यूनिट्स अलग-अलग तरह के काम संभालते हैं और मिलकर आपके डिवाइस को तेज बनाते हैं।

आज टेक्नोलॉजी की दुनिया में CPU, GPU, और NPU जैसे टर्म्स सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। स्मार्ट डिवाइसेज को समय के साथ बेहतर बनाने में इन तीनों प्रोसेसर का अहम योगदान है। ये तीनों ही आपके स्मार्टफोन, टैबलेट या कंप्यूटर के दिल और दिमाग की तरह होते हैं। भले ही ये एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करते हैं, लेकिन इनके रोल एकदम अलग और खास हैं। आइए, इन्हें आसान भाषा में समझते हैं-

CPU (Central Processing Unit)
CPU को किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का दिमाग कहा जाता है। इसका काम बहुत सामान्य लेकिन जरूरी होता है। यह आपके रोजमर्रा के काम संभालता है, जैसे किसी एप को खोलना और चलाना, वेबसाइट ब्राउज करना या ईमेल चेक करना। यह सिस्टम के सभी ऑपरेशन और फाइल मैनेजमेंट को देखता है। CPU को जो भी कमांड मिलती है, यह उसे प्रोसेस करता है और फिर हार्डवेयर को उसी के अनुसार काम करने का निर्देश देता है। यह मल्टीटास्किंग (एक साथ कई काम) को भी संभालता है। CPU की ताकत इसके अंदर मौजूद 'कोर' (Cores) पर निर्भर करती है। कोर CPU के छोटे-छोटे हिस्से होते हैं। CPU में जितने ज्यादा कोर होंगे, आपका डिवाइस उतनी ही तेजी से और बिना अटके (लैग हुए) काम करेगा।

GPU (Graphics Processing Unit)
GPU का सीधा संबंध आपके डिवाइस की विजुअल (ग्राफिक्स) परफॉर्मेंस से होता है। यह स्क्रीन पर दिखने वाले हर ग्राफिकल मूवमेंट को स्मूद बनाता है। GPU की मदद से ही आप कंप्यूटर और स्मार्टफोन पर हाई-एंड गेमिंग खेल पाते हैं। इससे अलावा, GPU वीडियो एडिटिंग और 3D डिजाइन जैसे भारी काम को भी संभालता है। GPU हाई-रिजॉल्यूशन वाली तस्वीरों और एनीमेशन की प्रोसेसिंग भी आसान बनाता है। जहां CPU कंप्यूटर के साधारण काम करता है, वहीं GPU को खास तौर पर ग्राफिक्स से जुड़े भारी कामों को एक साथ करने के लिए डिजाइन किया जाता है।