Weekly tech Wrap: ट्विटर वेरिफिकेशन फीस से लेकर मेटा पर जुर्माने तक, जानें इस हफ्ते की प्रमुख टेक अपडेट्स

माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर को खरीदने के बाद एलन मस्क ने ट्विटर पर ब्लू टिक वेरिफिकेशन के लिए फीस लेने का एलान कर दिया है। हालांकि, यह सेवा फिलहाल कुछ चुनिंदा देशों में ही शुरू हुई है, जहां लोगों को इसके लिए करीब आठ डॉलर प्रति माह चुकाने होंगे। मस्क जल्द ही भारत के लिए भी इसका एलान करने वाले हैं। वहीं इसी हफ्ते वाशिंगटन कोर्ट ने फेसबुक की मूल कंपनी मेटा पर 25 मिलियन डॉलर यानी 2 अरब रुपये से ज्यादा का जुर्माना और 10.5 मिलियन डॉलर (करीब 86 करोड़ रुपये) का कानूनी शुल्क जुर्माना लगाया है। व्हाट्सएप ने अपने नए फीचर ऑनलाइन स्टेटस हाइड ऑप्शन को जारी कर दिया है। ऐसी ही हफ्तेभर की टेक अपडेट्स जानना चाहते हैं तो यह रिपोर्ट आपके लिए है। इस रिपोर्ट में हम आपको प्रमुख टेक अपडेट्स के साथ हफ्तेभर की प्रमुख लॉन्चिंग की जानकारी भी देंगे। चलिए जानते हैं।

ट्विटर पेड वेरिफिकेशन सर्विस
ट्विटर ने शनिवार रात से आईओएस यूजर्स (आईफोन) के लिए ट्विटर पर ब्लू टिक सत्यापन सेवा शुरू कर दी है। हालांकि यह सेवा फिलहाल कुछ चुनिंदा देशों में ही शुरू हुई है, जहां लोगों को इसके लिए करीब आठ डॉलर प्रति माह चुकाने होंगे। एलन मस्क ने ट्विटर का अधिग्रहण करने के बाद से ही कई बड़े फैसले लिए हैं। इनमें से एक फैसला खाते के सत्यापन पर मिलने वाले ब्लू टिक से जुड़ा हुआ था। माइक्रोब्लॉगिंग वेबसाइट ने इस नए अपडेट को लेकर कहा है कि हम ट्विटर में कुछ शानदार सुविधाएं जोड़ रहे हैं। अगर आप अभी साइन अप करते हैं तो 7.99/माह डॉलर देकर ट्विटर ब्लू प्राप्त कर सकते हैं।

जैक डोर्सी लाएंगे ट्विटर जैसा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म
ट्विटर के सह संस्थापक जैक डोर्सी जल्द ही ट्विटर वैसा ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ला सकते हैं। ट्विटर पर मस्क की ओर से अधिग्रहण किए जाने से एक हफ्ते पहले 19 अक्तूबर को डोर्सी ने अपने नए सोशल मीडिया एप 'ब्ल्यूस्काई' की योजना का खुलासा किया था। डोर्सी ने कहा था कि वह इसका आंतरिक परीक्षण शुरू कर रहे हैं। इस दौरान नए प्लेटफॉर्म की तकनीकी चुनौतियों को परखा जाएगा। इसके बाद खुले परीक्षण शुरू किए जाएंगे।