Twitter Layoff: एलन मस्क ने फिर हजारों कर्मचारियों को निकाला, बिना नोटिस के किया गया बर्खास्त

बड़ी टेक कंपनियों में कर्मचारियों की छंटनी का सिलसिला लगातार जारी है। ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने हाल ही में अपनी कंपनी के लगभग आधे कर्मचारियों की छुट्टी कर दी थी, अब कंपनी ने बिना किसी नोटिस के हजारों अन्य कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया है। रिपोर्ट के अनुसार, मस्क ने शनिवार को बड़ी संख्या में कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को कंपनी से निकाला है। निकाले गए कर्मचारियों की संख्या 5 हजार से अधिक बताई जा रही है। बता दें कि हाल ही में फेसबुक की पैतृक कंपनी मेटा अपने 11,000 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा चुकी है।

बताया जा रहा है कि जिन लोगों को मस्क ने निकाला है उन्हें पहले से कोई जानकारी और नोटिस नहीं मिला है। जानकारी के मुताबिक जिन कर्मचारियों को निकाला गया है उनके ऑफिशियल ईमेल और इंटरनल कम्यूनिकेशन सिस्टम को बंद किया गया है और उसके बाद उन्हें बर्खास्त किया गया है। बर्खास्त किए गए कर्मचारियों में कंटेंट मॉडरेशन, रियल एस्टेट, मार्केटिंग, इंजीनियरिंग और अन्य डिपार्टमेंट्स में काम करने वाले कर्मचारी शामिल हैं। इस निष्कासन में यूएस और ग्लोबल तौर पर काम करने वाले कर्मचारी शामिल हैं।

बता दें कि मस्क के कमाल संभालते ही ट्विटर पर कई तरह के बदलाव किए गए हैं, जिनमें ट्विटर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पराग अग्रवाल समेत कई शीर्ष अधिकारियों को बर्खास्त करना भी शामिल है। साथ ही मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) नेड सेगल को भी बर्खास्त किया गया था।