काम की बात: व्हाट्सएप पर किसने किया आपको ब्लॉक, जानने का ये है सबसे आसान तरीका

आज के समय में शायद ही ऐसा कोई व्यक्ति होगा, जो व्हाट्सएप के बारे में नहीं जानता होगा। लाखों-करोड़ों लोग इसका इस्तेमाल तो करते ही हैं और जो नहीं करते, वे भी इसके बारे में जानते जरूर हैं। यह किसी भी दोस्त, रिश्तेदार आदि से बात करने का एक बेहतरीन जरिया है, चाहे मैसेज के जरिये या वॉयस और वीडियो कॉल के जरिये। आपको जो सुविधाजनक लगे, उस माध्यम से किसी से भी बात कर सकते हैं। हालांकि कई बार बात करते-करते दोस्तों में कुछ अनबन भी हो जाती है तो व्हाट्सएप उन्हें ब्लॉक करने की सुविधा भी देता है। ब्लॉक करने के बाद आप सामने वाले शख्स को मैसेज या कॉल, कुछ नहीं कर सकते हैं। कई बार ऐसा भी होता है कि किसी ने आपको ब्लॉक कर दिया है और आपको इसके बारे में पता ही नहीं होता।तो चलिए जानते हैं कि व्हाट्सएप पर आपको किसने ब्लॉक किया है, ये पता करने का आसान तरीका क्या है?

व्हाट्सएप पर किसने आपको ब्लॉक किया है, ये जानने के कई तरीके हैं। पहला तो ये कि अगर किसी ने आपको ब्लॉक किया है तो आपको उस यूजर की प्रोफाइल फोटो और लास्ट सीन नहीं दिखाई देगी। ब्लॉक होने की स्थिति में आप उस यूजर का ऑनलाइन स्टेटस भी नहीं देख सकते हैं।

आपको किसी ने ब्लॉक किया है या नहीं, यह जानने के लिए आप उस यूजर को मैसेज भी भेज सकते हैं। अगर भेजे गए मैसेज पर सिंगल टिक दिखा रहा है तो हो सकता है कि आप ब्लॉक हों। हालांकि कई बार नेट बंद होने पर भी सिंगल टिक दिखाता है।