काम की बात: व्हाट्सएप में कैसे बंद करें लास्ट सीन और ब्लू टिक? जान लें आसान तरीका

स्मार्टफोन के आ जाने से लोगों की जिंदगी एकदम आसान हो गई है। आज से 20-25 साल पहले तक लोग यही सोचते थे कि कैसे किसी के पास कोई मैसेज तत्काल पहुंचाया जाए और आज इस काम को व्हाट्सएप ने आसान बना दिया है। यह एक इंस्टैंट मैसेजिंग एप है, जो दुनियाभर में मशहूर हो चुका है। व्हाट्सएप का इस्तेमाल आज दुनियाभर के लोग कर रहे हैं। चाहे मैसेज भेजना हो या फोटो-वीडियो या कोई फाइल, बस दो-तीन क्लिक की जरूरत पड़ती है और मैसेज तत्काल उस व्यक्ति तक पहुंच जाता है, जिसके पास आप मैसेज भेज रहे होते हैं। व्हाट्सएप के कई ऐसे फीचर्स हैं, जो बहुत ही काम के हैं। इनमें लास्ट सीन और ब्लू टिक भी शामिल हैं। हालांकि कई लोग इन फीचर्स को बंद कर देते हैं, लेकिन अधिकतर लोगों को यह पता नहीं होता है इन्हें बंद करने का तरीका क्या है?तो आइए जानते हैं इसके बारे में...

अगर आप चाहते हैं कि आपका लास्ट सीन कोई ना देखे तो इसके लिए सबसे पहले आपको व्हाट्सएप की सेटिंग में जाना होगा और अकाउंट पर क्लिक करना होगा। इसके बाद प्राइवेसी सेटिंग में जाएं और लास्ट सीन के विकल्प पर क्लिक करें। यहां आपको तीन विकल्प मिलेंगे, पहला एवरीवन यानी सभी लोग, दूसरा माय कॉन्टेक्ट्स यानी आपके संपर्क और तीसरा नोबडी यानी कोई नहीं। आप अपनी इच्छानुसार इनमें से किसी भी विकल्प का चयन कर सकते हैं। अगर लास्ट सीन किसी को भी नहीं दिखाना चाहते हैं तो नोबडी के विकल्प पर क्लिक कर सकते हैं।

अगर आप व्हाट्सएप में ब्लू टिक को बंद करना चाहते हैं तो इसका भी तरीका बेहद ही आसान है। इसके लिए भी आपको व्हाट्सएप की सेटिंग में जाना होगा और फिर अकाउंट पर क्लिक करके प्राइवेसी में जाना होगा। यहां आपको नीचे में read receipts का विकल्प मिलेगा, जिसके आगे टिक का ऑप्शन होगा। बस फिर Read receipts को अनचेक कर दें। इससे व्हाट्सएप में ब्लू टिक डिसेबल हो जाएगा।